समस्तीपुर में पुलिस को चकमा देकर महिला बंदी फरार, ड्यूटी पर सोते रह गए पुलिसकर्मी

समस्तीपुर : समस्तीपुर जिले के दलसिंहसराय थाना से एक महिला बंदी के फरार होने का मामला सामने आया है। पुलिस को चकमा देकर महिला थाने से भाग निकली, जिससे पूरे पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। जानकारी के अनुसार, केवटा गांव की रहने वाली रितु कुमारी के आवेदन पर एक मामला दर्ज किया गया था। इसी मामले में उमेश राय की पत्नी को पूछताछ के लिए दलसिंहसराय थाना लाया गया था। महिला को थाने में महिला पुलिसकर्मियों की निगरानी में रखा गया था, ताकि उससे पूछताछ की जा सके।
ड्यूटी के दौरान सो गई पुलिसकर्मी :
बताया जा रहा है कि देर रात ड्यूटी पर तैनात महिला पुलिसकर्मी को नींद आ गई। इसी का फायदा उठाकर बंदी महिला वहां से चुपचाप फरार हो गई। घटना का पता चलते ही थाने में अफरातफरी मच गई और तुरंत इसकी सूचना अधिकारियों को दी गई।
पुलिस ने शुरू की सर्च ऑपरेशन :
घटना के बाद पुलिस ने आसपास के इलाकों में खोजबीन तेज कर दी है। कई संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है, लेकिन खबर लिखे जाने तक महिला का कोई सुराग नहीं मिला है. महिला को पकड़ने के लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया है, जो लगातार कार्रवाई कर रही है।

लापरवाही पर होगी कार्रवाई :
डीएसपी विवेक कुमार शर्मा ने कहा है कि इस मामले में ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की भूमिका की जांच की जा रही है। जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस विभाग इस घटना को गंभीरता से ले रहा है।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल :
इस घटना के बाद पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। बताया जा रहा है कि महिला बंदी को महिला हाजत में रखने के बजाय पुलिस बैरक में रखा गया था, जो नियमों के खिलाफ है। पहले भी इस तरह की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिससे पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं।
समस्तीपुर जिले के दलसिंहसराय थाना से महिला बंदी पुलिसकर्मियों को चकमा देकर हुई फरार, DSP ने गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का किया गठन…#Samastipur #Dalsinghsarai #SamastipurPolice pic.twitter.com/WqrWOoiFHR
— Samastipur Town (@samastipurtown) March 27, 2026





