समस्तीपुर : रंगों के पर्व होली को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए समस्तीपुर पुलिस ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं। एसपी अरविन्द प्रताप सिंह ने जिले के सभी थानाध्यक्षों को स्पष्ट निर्देश दिया है कि त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की शांति भंग करने की कोशिश करने वाले असामाजिक तत्वों से सख्ती से निपटा जाए और उनके खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। एसपी ने सभी एसडीपीओ व थानाध्यक्षों को निर्देश दिया है कि संवेदनशील एवं अति संवेदनशील क्षेत्रों की विशेष निगरानी की जाए। ऐसे स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाए तथा लगातार गश्ती अभियान चलायी जाए।
जिले भर में 362 दंडाधिकारी और पदाधिकारी एवं 310 पुलिस पदाधिकारी, 1555 सशस्त्र बल व 430 लाठी बल के महिला-पुरुष जवान तैनात किए गए हैं। जिला पुलिस बल के जवानों के अलावे अतिरिक्त करीब 700 होमगार्ड जवानों को भी सुरक्षा व्यवस्था में लगाया गया है, ताकि हर क्षेत्र में पर्याप्त संख्या में पुलिस बल मौजूद रहे। वहीं होली के दौरान अफवाहों पर रोक लगाने के लिए पुलिस ने सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी शुरू कर दी है। भड़काऊ पोस्ट, आपत्तिजनक वीडियो या अफवाह फैलाने वालों की पहचान कर उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। साइबर सेल को भी अलर्ट मोड में रखा गया है। वहीं विधि-व्यवस्था एवं अन्य व्यवस्था के वरीय प्रभार में डीडीसी सूर्य प्रताप सिंह और मुख्यालय डीएसपी केके दिवाकर रहेंगे।
त्योहार को देखते हुए एसपी ने पुलिसकर्मियों का सामान्य अवकाश रद्द कर दिया है, ताकि अधिकतम संख्या में जवान ड्यूटी पर तैनात रह सकें। त्वरित प्रतिक्रिया टीम क्युआरटी को अलर्ट मोड में रखा गया है तथा जिले के सभी नियंत्रण कक्षों को 24 घंटे सक्रिय रहने का निर्देश दिया गया है। इधर होलिका दहन एवं होली के दिन यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने विशेष गाइडलाइन जारी की है। प्रमुख चौक-चौराहों पर अतिरिक्त ट्रैफिक जवानों की तैनाती की जा रही है। नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी तथा ब्रेथ एनालाइजर से जांच अभियान चलाया जाएगा। वहीं पुलिस प्रशासन द्वारा विभिन्न थाना क्षेत्रों में शांति समिति की बैठकें भी आयोजित की जा रही हैं, जिसमें जनप्रतिनिधियों, बुद्धिजीवियों और स्थानीय गणमान्य लोगों से सहयोग की अपील की जा रही है।
एसपी अरविंद प्रताप सिंह ने आम नागरिकों से अपील की है कि होली को भाईचारे और आपसी सद्भाव के साथ मनाएं, किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी थाना या नियंत्रण कक्ष को दें। एसपी का दावा है कि पुख्ता सुरक्षा इंतजामों के बीच इस वर्ष होली का त्योहार पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जाएगा।
होली पर्व को लेकर स्वास्थ्य विभाग भी पूरी तरह अलर्ट मोड में है। होली के दौरान संभावित आपात स्थितियों से निपटने के लिए सिविल सर्जन ने जिले के सभी स्वास्थ्य कर्मियों की छुट्टियां तत्काल प्रभाव से रद्द कर दी हैं। सिविल सर्जन डॉ. राजीव कुमार ने बताया कि होली के मौके पर अक्सर सड़क दुर्घटना, झगड़ा-मारपीट, रंग एवं केमिकल से एलर्जी, अवैध शराब के दुष्प्रभाव तथा अन्य आकस्मिक घटनाओं के मामले बढ़ जाते हैं। ऐसे में सदर अस्पताल सहित सभी अनुमंडलीय अस्पताल, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र एवं अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टर, एएनएम, जीएनएम एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मी अनिवार्य रूप से ड्यूटी पर तैनात रहेंगे। उन्होंने निर्देश दिया है कि सभी अस्पतालों में इमरजेंसी सेवाएं 24 घंटे सुचारू रूप से संचालित रहें। आवश्यक दवाओं, एंटी एलर्जिक इंजेक्शन, प्राथमिक उपचार सामग्री, ऑक्सीजन सिलेंडर एवं एंबुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया है। साथ ही ड्यूटी से अनुपस्थित पाए जाने वाले कर्मियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
समस्तीपुर : रेलवे स्टेशन परिसर में चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते’ के…
बेतिया में निगरानी ने बड़ी कार्रवाई की है। विशेष निगरानी इकाई की टीम ने जिला…
समस्तीपुर : रंगों के पर्व होली को लेकर जहां बाजारों में गुलाल और रंगों की…
समस्तीपुर/वैनी : समस्तीपुर जिले के वैनी थाना क्षेत्र के चकले वैनी बाजार में रविवार की…
समस्तीपुर : युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के तहत जिला नियोजनालय, समस्तीपुर द्वारा 6…
बिहार के बेगूसराय में फर्जी महिला दरोगा (पुलिस अवर निरीक्षक) बनकर लोगों पर रौब झाड़ने…