कल 22 मार्च को ‘बिहार दिवस’ पर जिले में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की होगी धूम, पटेल मैदान में मुख्य कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे प्रभारी मंत्री, स्थानीय कलाकारों को मिलेगा मंच

समस्तीपुर : कला एवं संस्कृति विभाग, बिहार सरकार तथा जिला प्रशासन समस्तीपुर के संयुक्त तत्वावधान में बिहार दिवस-2026 के अवसर पर रविवार को जिले में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इसकी सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मुख्य कार्यक्रम का आयोजन शहर के पटेल मैदान में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह खेल मैराथन दौड़ से होगी। इसके तहत तीन वर्गों में मैराथन दौड़ आयोजित की जाएगी। इंडस्ट्रियल एरिया से सुबह 6:30 बजे ओपन पुरुष वर्ग, 6:45 बजे ओपन महिला वर्ग तथा 7:00 बजे पदाधिकारी एवं कर्मियों के लिए मैराथन दौड़ आयोजित होगी, जो मोहनपुर रोड होते पटेल मैदान में आकर समाप्त होगी।
इसके अलावे स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा स्कूलों से प्रभात फेरी निकाली जाएगी, जो विभिन्न मार्गों से होकर गुजरेगी और लोगों में उत्साह का संचार करेगी। इसके बाद शाम करीब 4:30 बजे पटेल मैदान में मुख्य कार्यक्रम का उद्घाटन जिले के प्रभारी मंत्री श्रवण कुमार करेंगे। इस कार्यक्रम में समस्तीपुर जिले के कई प्रतिभाशाली कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे। इनमें अनुज कुमार, कृति भारती, अपूर्वी रंग, आयुष्मान आर्य, गुड्डू कुमार दास, अर्जुन कुमार, लक्ष्मी कुमारी, रोहित कुमार, शिवा डेयर, किशन कुमार मलिक, कोमल कुमारी, राजनंद कुमार, उदय झा एवं संगीत कुमार सहित अन्य कलाकार शामिल हैं।

कार्यक्रम का उद्देश्य जिले की कला और संस्कृति को बढ़ावा देना तथा स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना है। आयोजन में गीत-संगीत, नृत्य एवं अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी। इसके माध्यम से बिहार की समृद्ध परंपरा और सांस्कृतिक विरासत को दर्शाया जाएगा। इसके बाद विभिन्न प्रतियोगिताओं में सफल प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम के नोडल एडीएम आपदा राजेश कुमार सिंह ने बताया कि बिहार दिवस को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाएं और बिहार दिवस के इस उत्सव में अपनी सहभागिता निभाएं।






