समस्तीपुर : शहर के ताजपुर रोड में शुक्रवार को भीषण जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई, जिससे वाहन घंटों रेंगते रहे और आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। जाम में फंसे लोग धूप और धूल के बीच हलकान दिखे। कई स्कूली बच्चे, नौकरीपेशा लोग और मरीज लेकर जा रहे परिजन भी जाम में फंसे रहे। दरअसल, भोला टॉकीज गुमटी के पास आरओबी निर्माण को लेकर पाइलिंग का कार्य चल रहा है। निर्माण कार्य के मद्देनजर आजाद चौक के समीप बैरियर लगाकर बाइक को छोड़ अन्य सभी चारपहिया एवं बड़े वाहनों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है।
प्रशासन की ओर से वैकल्पिक मार्ग का निर्देश दिया गया है, लेकिन पर्याप्त पुलिस बल की कमी के कारण स्थिति नियंत्रण से बाहर हो गई। शुक्रवार को जानकारी के अभाव और बल की कमी के कारण कई लोग अपने-अपने चारपहिया वाहन लेकर ताजपुर रोड की ओर पहुंच गए। जब बैरियर पर रोक का सामना करना पड़ा तो वाहन चालकों ने वहीं से गाड़ी मोड़नी शुरू कर दी। इससे सड़क पर अफरातफरी और अराजक स्थिति उत्पन्न हो गई। कुछ समय के लिए सड़क पूरी तरह जाम हो गई और लंबी कतारें लग गईं।
प्रशासन द्वारा शहर से आजाद चौक की ओर जाने वाले वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं। वाहन चालक काशीपुर, बीएड कॉलेज रोड होते सीपीएस स्कूल से आजाद चौक निकल सकते हैं। वहीं भोला टॉकीज गुमटी से पंजाबी कॉलोनी, धरमपुर गुमटी या दुधपुरा गुमटी होकर ताजपुर रोड आ-जा सकते हैं। बावजूद इसके, कई वाहन चालक सीधे ताजपुर रोड से ही जाने की कोशिश करते दिखे, जिससे जाम की समस्या और बढ़ गई। इस संबंध में ट्रैफिक थानाध्यक्ष सुनीलकांत ने बताया कि आरओबी निर्माण के तहत आजाद चौक पर पाइलिंग कार्य के कारण उक्त मार्ग पर ब्लॉक लिया गया है। सुरक्षा की दृष्टि से बड़े वाहनों का प्रवेश रोका गया है।
उन्होंने कहा कि लोगों से लगातार वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करने की अपील की जा रही है। उन्होंने यह भी बताया कि बल की कमी के कारण कुछ वाहन चालक जबरदस्ती बैरियर की ओर से गाड़ी निकालने की कोशिश करते हैं, जिससे स्थिति बिगड़ती है। इस समस्या के समाधान के लिए वरीय पदाधिकारियों को पत्र लिखकर अतिरिक्त पुलिस बल की मांग की गई है, ताकि यातायात व्यवस्था को सुचारू रखा जा सके। स्थानीय लोगों का कहना है कि आरओबी निर्माण कार्य शहर के लिए आवश्यक है, लेकिन जब तक कार्य पूरा नहीं होता, तब तक ट्रैफिक प्रबंधन की बेहतर व्यवस्था की जानी चाहिए ताकि आम नागरिकों को अनावश्यक परेशानी न झेलनी पड़े।
समस्तीपुर : दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और शहर में सुचारू यातायात व्यवस्था…
समस्तीपुर : दुर्गा पूजा के सप्तमी, महाअष्टमी, महानवमी एवं विजयादशमी के अवसर पर श्रद्धालुओं की…
समस्तीपुर : नगर निगम समस्तीपुर के नगर आयुक्त गौतम कुमार ने शुक्रवार को उत्क्रमित मध्य…
'जलने वाले जलते रहें, हम आगे बढ़ते रहेंगे. मैं गंदी नाली के कीड़ों पर ध्यान…
समस्तीपुर/सरायरंजन : सरायरंजन थाना क्षेत्र के बरुणा रसलपुर के समीप एसएच-88 पर तेज रफ्तार ट्रक…
समस्तीपुर : समस्तीपुर जिले में शिक्षा व्यवस्था और सरकारी संपत्तियों की बदहाली की पोल खोलने…