समस्तीपुर में ट्रेन क्रॉसिंग के दौरान गेटमैन पर जानलेवा हमला, रेलवे के संपत्ति को पहुंचाया नुकसान, मुफस्सिल पुलिस ने दर्ज की FIR

समस्तीपुर : मुफस्सिल थाना क्षेत्र के समस्तीपुर-भगवानपुर देसुआ रेलवे स्टेशन के बीच जितवारपुर चौथ गांव के पास मंगलवार की सुबह फाटक संख्या 40ए पर बाइक सवार शख्स ने गेटमैन के साथ मारपीट कर उसे गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। जख्मी गेटमैन की पहचान विभूतिपुर थाना क्षेत्र के सिरसी वार्ड संख्या-2 निवासी कुशेश्वर यादव के पुत्र सुरेंद्र यादव (33) के रूप में की गई है। इसको लेकर उसने मुफस्सिल थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी है।
घटना के संबंध में बताया गया है कि मंगलवार की सुबह करीब साढ़े आठ बजे वह फाटक संख्या 40ए पर ड्यूटी पर तैनात था। इसी दौरान ट्रेन क्रासिंग की जानकारी मिलने पर उसने गुमटी को गिरा दिया। इसी दौरान बाइक पर सवार दो शख्स पहुंचे और हाॅर्न बजाते हुए जबरदस्ती गुमटी खोलने का दबाव बनाने लगे। इस दौरान गेटमैन ने बताया की गुमटी स्टेशन से ही इंटरलाॅक हो गया है। स्टेशन से चाभी मिलने पर ही यह खुलेगा।

इसके बाद आरोपी युवक ने गाली-गलौज करते हुए गेटमैन के साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान उसने लाॅन्ज में प्रवेश कर रेलवे के टेलीफोन का तार, कुर्सी, ट्राई-कलर टार्च आदि को तोड़ दिया व ड्यूटी रोस्टर को भी फाड़ दिया। मारपीट की घटना में गेटमैन गंभीर रूप से जख्मी हो गया। हालांकि उसने सारे घटना का वीडियो बना लिया व कंट्रोल को इसकी सूचना दी। सूचना मिलने पर आरपीएफ की टीम ने पहुंच मामले की जांच की व जख्मी गेट को सदर अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया। इसके बाद पीड़ित गेटमैन ने मुफस्सिल थाना क्षेत्र के ही चांदनी चौक के बमबम राय को आरोपित करते हुए मुफस्सिल थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी है। इस संबंध में मुफस्सिल थानाध्यक्ष अजीत प्रसाद सिंह ने बताया कि गेटमैन के आवेदन के आलोक में प्राथमिकी दर्ज कर अग्रतर कारवाई की जा रही है।






