समस्तीपुर जिला स्तरीय TLM मेला 3.0 में शिक्षकों ने दिखाया हुनर, विजेता अब राज्य स्तर पर करेंगे जिले का प्रतिनिधित्व
समस्तीपुर : स्थानीय सीटीई (CTE) समस्तीपुर के सभागार में आज जिला स्तरीय शिक्षण अधिगम सामग्री (TLM) प्रतियोगिता सह मेला 3.0 का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता डीपीओ (एसएसए) जमालुद्दीन ने की। प्रतियोगिता में जिले के सभी 20 प्रखंडों के उन शिक्षकों ने भाग लिया, जिन्होंने अपने प्रखंड में प्रथम स्थान प्राप्त किया था। शिक्षकों ने पर्यावरण, हिंदी, अंग्रेजी, गणित एवं उर्दू विषयों में एक से बढ़कर एक नवाचारी टीएलएम का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डीपीओ एसएसए और सीटीई की प्रभारी प्राचार्या डॉ. अंजली ने कहा कि शिक्षण अधिगम सामग्री बच्चों को कठिन से कठिन पाठ समझाने में मील का पत्थर साबित होती है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि हार-जीत प्रतियोगिता का एक हिस्सा है, महत्वपूर्ण यह है कि आप अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।
निर्णायक मंडल की भूमिका :
प्रतियोगिता के मूल्यांकन के लिए निर्णायक मंडल में विभिन्न शिक्षक प्रशिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि, क्षमतालय फाउंडेशन एवं प्रथम फाउंडेशन के प्रतिनिधि उपस्थित थे, जिन्होंने निष्पक्ष रूप से विजेताओं का चयन किया।
विजेताओं की सूची (विद्यालयों के नाम सहित) :
पर्यावरण: इसमें प्राथमिक विद्यालय खोरिया की शिक्षिका प्रतीक्षा शुक्ला ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। द्वितीय स्थान पर ज्योति सिंह (प्रा.वि. अभ्यास शाला रामपुर जलालपुर) और तृतीय स्थान पर आमिर अली इमाम (प्रा.वि. ग्रामीण, बिरौली) रहे।
अंग्रेजी: प्राथमिक कन्या विद्यालय लक्ष्मीपुर की शिक्षिका चारु ने बाजी मारते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। प्रीति प्रियंका (प्रा.वि. भादीघाट, वारिसनगर) दूसरे और आराधना (उ.म.वि. दहेपुरा) तीसरे स्थान पर रहीं।
गणित: त्रिभुवन कुमार (अ.जा. प्रा.वि. प्रभु ठाकुर, रोसड़ा) ने प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं सेजल सृष्टि (कन्या म.वि. डीह पद) को दूसरा और विभा कुमारी (प्रा.वि. शासन वार्ड नं 11, हसनपुर) को तीसरा स्थान मिला।
हिंदी: प्राथमिक विद्यालय चकदाउद की अमृता राय प्रथम चुनी गईं। अंकिता कुमारी (उ.म.वि. अजनौल) ने द्वितीय और अमित कुमार (उ.म.वि. मोरदिवा) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
उर्दू: इस विधा में नुसरत बख्शी (राजकीय प्रा.वि. रजवा उर्दू) ने प्रथम, जरीना परवीन (उ.म.वि. जितवारपुर टाडा) ने द्वितीय और रूफी फरीदी (प्रा.वि. उर्दू, हाकिमाबाद) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
राज्य स्तर पर होगा प्रदर्शन :
जिला स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले ये सभी शिक्षक अब राज्य स्तरीय TLM मेला 3.0 में समस्तीपुर जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। डीपीओ साहब ने सभी को शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के सफल संचालन और सहयोग में शिक्षक मंगलेश कुमार, ऋतुराज जायसवाल एवं साधना कुमारी की सक्रिय भूमिका रही। अंत में सहायक साधन सेवी अर्जुन कुमार द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।

