समथू एफपीओ और मोरंग देश अगरबत्ती के नवाचारों ने खींचा बैंक मैनेजर्स का ध्यान, हुआ भव्य इंडस्ट्रियल विजिट

समस्तीपुर : समथू फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड एवं मोरंग देश अगरबत्ती द्वारा ग्रामीण औद्योगिक विकास और कृषि नवाचारों को प्रदर्शित करने हेतु एक विशेष इंडस्ट्रियल विजिट का आयोजन किया गया। इस अवसर पर असम, बंगाल, पश्चिम बंगाल एवं बिहार से आए विभिन्न बैंकों के कुल 35 बैंक मैनेजर्स ने सहभागिता की। इस कार्यक्रम में समस्तीपुर के लीड डिस्ट्रिक्ट मैनेजर (एलडीएम) साहब, आरसीटी के हेड ओम प्रकाश, तथा बड़ी संख्या में गाँव के किसान उपस्थित रहे।
इस इंडस्ट्रियल विजिट का नेतृत्व डॉ. फुलेन्द्र भगत, सीईओ – समथू एफपीओ द्वारा किया गया। उनके साथ रामप्रवेश चौरसिया, साकेत कुमार, शंकर सिंह, अशोक सिंह, एफपीओ के अकाउंटेंट धीरेंद्र कर्ण, एफपीओ की डायरेक्टर मधुरिता एवं डायरेक्टर मुकेश भी उपस्थित रहे। विजिट के दौरान अतिथियों ने अगरबत्ती निर्माण की सम्पूर्ण प्रक्रिया को नज़दीक से देखा तथा कृषि क्षेत्र में हो रहे आधुनिक नवाचारों का अवलोकन किया। इसमें ड्रोन के माध्यम से स्प्रे एवं रेनगन सिस्टम द्वारा सिंचाई व स्प्रे का लाइव प्रदर्शन विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।

इसके पश्चात सभी अतिथियों ने किसान उमेश प्रसाद सिंह के खेत का भ्रमण किया, जहाँ एक ही खेत में बहुफसली एवं देशी खेती मॉडल को देखा गया। टमाटर, चुकंदर, मेथी, धनिया, मूली, मटर आदि फसलों की एक साथ खेती देखकर सभी बैंक अधिकारी एवं अतिथि काफ़ी प्रभावित हुए। विजिट के अंतिम चरण में देसुआ स्थित रुद्रा डेयरी फार्म का भी भ्रमण किया गया, जहाँ उन्नत नस्ल की भैंसों को देखकर सभी आगंतुक अत्यंत उत्साहित नज़र आए। कुल मिलाकर, गाँव में हो रहे एग्रीकल्चर रिवोल्यूशन, एफपीओ आधारित उद्यमिता, एवं ग्रामीण औद्योगिक विकास को देखकर सभी बैंक प्रतिनिधियों ने गहरी रुचि दिखाई और भविष्य में ऐसे नवाचारों को सहयोग देने की दिशा में सकारात्मक विचार साझा किए।






