समस्तीपुर Town

नजर हर खबर पर…

SamastipurNEWS

कई थानाध्यक्ष समेत 90 से अधिक पुलिस कर्मियों के वेतन पर रोक, क्राइम मीटिंग के दौरान मुसरीघरारी और ताजपुर थानाध्यक्ष की SP ने लगायी क्लास

नये नाका निर्माण को लेकर थानाध्यक्षों से लिये गये सुझाव
महत्वपूर्ण कांडों का चयन कर स्पीडी ट्रायल के लिए प्रस्ताव भेजने का निर्देश

IMG 20250923 WA0025

समस्तीपुर : कलेक्ट्रेट सभागार में गुरुवार को क्राइम मीटिंग का आयोजन किया गया। इस दौरान वर्ष 2025 की वार्षिक अपराध एवं पुलिस की उपलब्धियों की समीक्षा की गयी। एसपी ने 2025 में पुलिस द्वारा चलाये गये अभियानों, अपराध नियंत्रण की स्थिति, लंबित मामलों, वारंट-समन के निष्पादन और प्रमुख आपराधिक घटनाओं की बिंदुवार समीक्षा करते हुए पुलिस पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि अपराध नियंत्रण में सकारात्मक प्रगति को और मजबूत करें व जनता की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता दें। उन्होंने थानाध्यक्षों को स्पष्ट निर्देश दिया की बाजार, मॉल, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स और भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में सुरक्षा बढ़ायें जाए।

वहीं एसपी ने साफ शब्दों में कहा कि कानून-व्यवस्था, अनुसंधान और गिरफ्तारी जैसे मामलों में किसी भी स्तर पर शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। थाना क्षेत्र में घटने वाली प्रत्येक घटना की जानकारी थानाध्यक्ष को होनी चाहिए। किसी भी घटना की जानकारी यदि एक सप्ताह बाद मिलती है तो यह गंभीर लापरवाही मानी जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी तरह की चूक के लिए केवल थानाध्यक्ष ही नहीं, बल्कि संबंधित सभी पदाधिकारी समान रूप से जिम्मेदार होंगे।

मुसरीघरारी में कथित जहरीली शराब से मौत मामले की जानकारी एक हफ्ते देर से मिलने पर उन्होंने थानाध्यक्ष की क्लास लगायी। इसके अलावे ताजपुर थाना में एक ज्वेलरी शॉप से चोरी मामले में अब तक उपलब्धी ना मिलने पर ताजपुर थानाध्यक्ष को भी फटकार लगायी और अनुसंधान में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सेक्टर पदाधिकारियों की यह जिम्मेदारी होगी कि उनके क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि पनपने न पाए। बैठक में शराब कारोबार, जमीन विवाद और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया गया।

IMG 20251220 WA0094

paid hero ad 20250215 123933 1 scaled

थानाध्यक्ष समेत 90 से अधिक पुलिसकर्मियों का वेतन रोका :

क्राइम मीटिंग के दौरान एसपी अरविंद प्रताप सिंह ने अपराध नियंत्रण को लेकर सख्ती दिखाते हुए लंबित मामलों की समीक्षा के दौरान 90 से अधिक पुलिस पदाधिकारियों के वेतन पर तत्काल रोक लगाने का आदेश दिया। इसमें कई थानाध्यक्षों के नाम भी शामिल है। उन्होंने साफ-साफ शब्दों में कहा कि किसी भी घटना पर त्वरित कार्रवाई होनी चाहिए और आरोपितों की गिरफ्तारी में अनावश्यक देरी नहीं हो, अन्यथा पुलिसकर्मियों पर भी कार्रवाई होगी।

वहीं कानून-व्यवस्था, अनुसंधान और गिरफ्तारी जैसे मामलों में किसी भी स्तर पर शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। घटना की जानकारी तुरंत जिला मुख्यालय को होनी चाहिये। एसपी ने सभी थानाध्यक्षों को निर्देश दिया कि गंभीर और महत्वपूर्ण कांडों का चयन कर स्पीडी ट्रायल के लिए प्रस्ताव भेजें, ताकि पीड़ितों को शीघ्र न्याय मिल सके। उन्होंने लंबित कांडों के शीघ्र निष्पादन पर जोर देते हुए कहा कि किसी भी मामले में अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अनुसंधान की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने और साक्ष्य संकलन को मजबूत करने के निर्देश भी दिए गए।

IMG 20240904 WA0139

भौगोलिक स्थिति और नए थानों पर भी मंथन :

क्राइम मीटिंग के दौरान थाना और पुलिस अंचलों की भौगोलिक स्थिति को लेकर भी विस्तृत चर्चा हुई। बड़े क्षेत्रफल वाले थानों में पुलिस नाका निर्माण को लेकर थानाध्यक्षों से सुझाव लिए गए। विभूतिपुर, हसनपुर, उजियारपुर, कल्याणपुर, पूसा, ताजपुर समेत कई थाना क्षेत्रों में नए पुलिस नाका बनाए जाने पर विचार किया गया। इसके अलावा जिले में निर्माणाधीन फोरलेन सड़क को ध्यान में रखते हुए संबंधित इलाकों में पुलिस की सक्रियता पहले से बढ़ाने का निर्देश दिया गया। एसपी ने संकेत दिए कि आने वाले समय में जिले के विभिन्न क्षेत्रों में नए थाना खोलने का प्रस्ताव मुख्यालय को भेजा जाएगा।

FB ADD scaled

सोमवार और शुक्रवार को जनता दरबार :

सरकार के सात निश्चय संकल्प के तहत अब पुलिस थानों और कार्यालयों पर सोमवार और शुक्रवार को भी जनता दरबार का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए समुचित व्यवस्था करने की बात एसपी अरविंद प्रताप सिंह ने क्राइम मीटिंग के दौरान पुलिस पदाधिकारियों से कहीं। इसमें पुलिस के वरीय अधिकारी भी मौजूद रहेंगे और फरियाद लेकर आने वाले लोगों की शिकायतें सुनेंगे। साथ ही संबंधित थाने के अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहेंगे, ताकि समस्याओं के निष्पादन को लेकर तुरंत निर्देश दिए जा सकें। इस दौरान थाने पर आने वाले लोगों के लिये विशेष व्यवस्था भी रखी जाएगी ताकि उनको कोई परेशानी ना हो।

IMG 20250821 WA0010

IMG 20250204 WA0010

file 00000000201c7207a5243d349b920613

IMG 20241218 WA0041

20201015 075150