तस्वीर : सांकेतिक (सोर्स गूगल)
समस्तीपुर : समस्तीपुर जिले में जहरीली शराबकांड की आहट सुनाई दे रही है। मुसरीघरारी थाना क्षेत्र में एक बुजुर्ग की मौत के बाद ताजपुर के बंगरा थाना क्षेत्र के बहादुरनगर रहीमाबाद में पिता और बेटे की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। जहरीली शराब के सेवन से दोनों की जान जाने की आशंका जताई जा रही है। जबकि परिवार का दूसरा बेटा बीमार है। उसकी हालत भी गंभीर बताई जा रही है। निजी अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है।
मृतकों की पहचान गांव के पल्लू ठाकुर (70 वर्ष) और उनके पुत्र रंजीत कुमार (35 वर्ष) के रूप में हुई है। इलाजरत पुत्र का नाम अजीत कुमार (25 वर्ष) बताया गया है। एक ही परिवार में करीब 16 घंटे के भीतर दो मौतों से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। गांव में लोग जहरीली शराब पीने की आशंका जता रहे हैं लेकिन आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।
ग्रामीणों के अनुसार बुधवार रात करीब एक बजे रंजीत कुमार की तबीयत अचानक बिगड़ गई। परिजन उन्हें इलाज के लिए एक निजी चिकित्सक के पास ले गए, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। इसके बाद परिजन शव घर ले आए और गुरुवार दोपहर उनका अंतिम संस्कार कर दिया। अंतिम संस्कार में शामिल पिता पल्लू ठाकुर पहले से अस्वस्थ थे। लौटने के बाद उनकी तबीयत भी अचानक ज्यादा बिगड़ गई। परिजन उन्हें भी इलाज के लिए निजी चिकित्सक के पास ले गए, जहां गुरुवार देर शाम डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
खबर लिखे जाने तक पल्लू ठाकुर का अंतिम संस्कार नहीं किया गया। इसी बीच, पल्लू का दूसरा बेटा अजीत कुमार बीमार हो गया। उसका भी इलाज कराया जा रहा है। हालांकि, उसकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है। लगातार तीन लोगों की बिगड़ती हालत और दो की मौत के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। मृतकों का परिवार गरीब और मजदूर वर्ग से जुड़ा बताया जा रहा है। अभी तक परिजन की ओर से पुलिस को औपचारिक सूचना नहीं दी गई है। इस संबंध में बंगरा थानाध्यक्ष पंचम कुमार ने बताया कि कुछ लोगों से घटना की जानकारी मिली है। परिजन की ओर से सूचना नहीं मिली है। मामले की जानकारी जुटाई जा रही है और जांच की जाएगी।
समस्तीपुर जिले के ही मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के वार्ड 12 में शराब पीने से पिता बालेश्वर साह की हुई मौत और बेटे बबलू साह की आंखों की रोशनी जाने के मामले में एसपी अरविंद प्रताप सिंह ने चौकीदार को निलंबित कर दिया है। मामले में सेक्टर पदाधिकारी यदुवंश सिंह के खिलाफ विभागीय कार्रवाई का निर्देश दिया है। एसपी ने मुसरीघरारी थानाध्यक्ष को भी कड़ी फटकार लगाई है। इससे पहले बुधवार देर शाम एसपी मृतक बालेश्वर साह के घर पहुंचे और परिजनों से पूरे मामले की जानकारी ली। इस दौरान यह तथ्य सामने आया कि घटना 1 जनवरी की है, पर पुलिस को इसकी सूचना 7 जनवरी को मिली। सूचना संकलन में इतनी देरी पर एसपी ने कड़ी नाराजगी जताई।
आज लालू यादव एंड फैमिली के लिए काफी अहम दिन है। देश के चर्चित जमीन…
समस्तीपुर : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समृद्धि यात्रा के दूसरे चरण के तहत आज समस्तीपुर पहुंचने…
समस्तीपुर : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समृद्धि यात्रा के दूसरे चरण के तहत आज समस्तीपुर पहुंचेंगे।…
समस्तीपुर : शून्य से छह वर्षों के बच्चों के स्वास्थ्य की जांच के साथ शारीरिक,…
भारतीय सर्राफा बाजार में बुधवार को एक नया इतिहास दर्ज हुआ। सोने की कीमतों ने…
समस्तीपुर : स्कूलों में संचालित मध्याह्न भोजन योजना के तहत अब रसोइया-सह-सहायक से केवल रसोई…