समस्तीपुर : हरियाणा के अंबाला कैंट में रुपये डबल करने के नाम पर 1 करोड़ 90 लाख रुपये की ठगी और लूट के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए समस्तीपुर के पूर्व भाजपा जिला प्रवक्ता पंकज कुमार लाल समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई अंबाला कैंट जीआरपी पुलिस ने बिहार एसटीएफ और स्थानीय पुलिस के सहयोग से की। मंगलवार की रात से लेकर बुधवार की सुबह तक दलसिंहसराय समेत कई स्थानों पर सघन छापेमारी अभियान चलाया गया। बुधवार की सुबह दलसिंहसराय थाना क्षेत्र के अजनौल वार्ड संख्या 7 स्थित आवास से पंकज कुमार लाल को उसके दो सहयोगियों के साथ दबोच लिया गया। संयोगवश मंगलवार को पंकज कुमार लाल का जन्मदिन था और उसके लिए घर पर तैयारी चल रही थी, तभी पुलिस ने छापेमारी की।
मामले की शुरुआत पंजाब निवासी मिस्टर जोशी की शिकायत से हुई। उन्होंने अंबाला कैंट जीआरपी थाने में लिखित आवेदन देकर आरोप लगाया कि रुपये डबल करने और कर्ज की रकम पर मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर उनसे 1 करोड़ 90 लाख रुपये लिए गए। बाद में रकम को डबल दिखाकर पूरी राशि की लूट कर ली गई। शिकायत के आधार पर जीआरपी थाना अंबाला कैंट में प्राथमिकी दर्ज की गई। जांच के दौरान समस्तीपुर जिले के दलसिंहसराय थाना क्षेत्र के अजनौल निवासी पंकज कुमार लाल समेत अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आई, जिसके बाद पुलिस ने छापेमारी के लिए विशेष टीम गठित की।
अंबाला कैंट जीआरपी के एसएचओ इंस्पेक्टर हरीश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम दलसिंहसराय पहुंची। बिहार एसटीएफ और स्थानीय पुलिस के सहयोग से पंकज कुमार लाल के आवास पर छापेमारी की गई। इस दौरान घर से करीब 6 लाख रुपये नकद बरामद किए गए। इसके अलावा 20 से 30 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण और एक इनोवा क्रिस्टा कार भी जब्त की गई। पुलिस टीम द्वारा जब्त आभूषणों की शुद्धता की जांच के लिए उन्हें दलसिंहसराय के मुख्य बाजार स्थित एक ज्वेलरी शॉप पर ले जाकर परीक्षण कराया गया। सभी जब्त सामान को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के बाद हरियाणा पुलिस अपने साथ ले गई।
गिरफ्तार आरोपियों में अजनौल निवासी कमलदेव लाल के पुत्र एवं भाजपा के पूर्व जिला प्रवक्ता पंकज कुमार लाल, जमुई जिले के झाझा थाना क्षेत्र के कौशल कुमार और विभूतिपुर थाना क्षेत्र के रजनीश कुमार शामिल हैं। तीनों को स्थानीय न्यायालय में पेश करने के बाद ट्रांजिट रिमांड पर हरियाणा पुलिस के हवाले कर दिया गया। वहीं इस मामले में पंजाब के हरिंद्र सिंह, दलसिंहसराय के प्रभात कुमार और अररिया के राहुल कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस इनसे धन के स्रोत, संपर्क नेटवर्क और पूरे गिरोह की कार्यप्रणाली को लेकर गहन पूछताछ कर रही है।
पुलिस को आशंका है कि रुपये डबल करने और भारी मुनाफे का लालच देकर ठगी करने वाला यह एक संगठित गिरोह है, जिसके तार हरियाणा, पंजाब, बिहार समेत अन्य राज्यों से जुड़े हो सकते हैं। बैंक खातों, मोबाइल लोकेशन और कॉल डिटेल के आधार पर पूरे नेटवर्क की पड़ताल की जा रही है। फरार संदिग्धों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज कर दी गई है। इधर बुधवार को दलसिंहसराय कोर्ट परिसर में गिरफ्तार आरोपियों को देखने के लिए भारी भीड़ जुटी रही। सूत्रों के अनुसार, अधिकतर लोग पंकज कुमार लाल के बयान को सुनने के लिए पहुंचे थे, हालांकि वह बिना कुछ बोले निकल गया। वहीं डीएसपी विवेक कुमार शर्मा ने भी अजनौल स्थित उसके आवास पर पहुंचकर मामले की बारीकी से जांच की। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा।
राज्यसभा चुनाव से एक दिन पहले राजनीतिक गहमागहमी तेज है। टूट की संभावना रोकने को…
सोशल मीडिया पर लाइक और फॉलोवर बढ़ाने की चाह में की गई एक लापरवाही एक…
समस्तीपुर/विद्यापतिनगर : समस्तीपुर जिले के विद्यापतिनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत मऊ धनेशपुर उत्तर पंचायत में शनिवार…
बिहार के औरंगाबाद में बीती रात बड़ा हादसा हो गया. शादी समारोह में जयमाल के…
राज्यसभा चुनाव को लेकर रविवार यानी आज संसदीय कार्यमंत्री विजय कुमार चौधरी के सरकारी आवास…
समस्तीपुर : जिले में घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडरों के अवैध रूप से व्यावसायिक उपयोग पर…