समस्तीपुर/ताजपुर : समस्तीपुर जिले के ताजपुर थाना अंतर्गत चकपहार पंचायत स्थित राजेंद्र चौक पर चोरी की बड़ी घटना होते-होते टल गई। दुकानदार और उसके परिवार की सतर्कता व साहस से चोरों का मंसूबा नाकाम हो गया और दो चोरों को गिरफ्तार कर लिया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, चार की संख्या में सभी चोर चार चक्का वाहन से मौके पर पहुंचे थे। सबसे पहले चोरों ने एक दुकान का शटर और ताला काटकर अंदर घुसने का प्रयास किया, लेकिन वे सफल नहीं हो सके। इसके बाद चोरों ने सुबोध राय की जनरल स्टोर (गल्ला दुकान) का ताला काटकर दुकान में प्रवेश किया और सामान निकालकर गाड़ी में भरने लगे।
इसी दौरान दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे से जुड़े मोबाइल में अलार्म बजने पर छत पर सो रहे भाग नारायण राय के पुत्र रोशन कुमार की नींद खुली। मोबाइल पर चोरी की गतिविधि देखकर उसने तुरंत घरवालों को सूचना दी। जब तक परिजन मौके पर पहुंचते, तब तक चोर भागने की तैयारी में थे।
बताया जाता है कि घर के सीढ़ी वाले दरवाजे में ताला बंद होने के कारण रोशन कुमार ने साहस दिखाते हुए छत से कूदकर एक चोर को पकड़ लिया। इसी बीच अन्य चोर वाहन समेत भागने में सफल हो गए। पकड़े गये चोर को पकड़कर लोगों ने हाथ-पैर बांधकर जमकर पीटा। इसके बाद घटना की सूचना तत्काल ताजपुर थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से पकड़े गए चोर से पूछताछ की। उसकी निशानदेही पर बहुआरा क्षेत्र से जुड़े दो अन्य चोरों की पहचान हुई।
पुलिस ने छापेमारी के दौरान दो चोर विक्की कुमार और समीर कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक अन्य चोर फरार होने में सफल रहा। गिरफ्तार आरोपियों के पास से मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, इस गिरोह में पटना और राजगीर से आए चोरों की संलिप्तता भी सामने आई है। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए। ताजपुर थाना पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।
बिहार में जमीन का दाखिल-खारिज कराना चाहते हैं, तो आवेदन करने से पहले जरूरी कागजात…
फाइल फोटो : बिहार में सरकारी शिक्षकों के तबादले का इंतजार लंबा होता जा रहा…
समस्तीपुर : बेटे के अपहरण की झूठी कहानी और जान से मारने की धमकी देकर…
समस्तीपुर : मुफस्सिल थाना क्षेत्र के आरएनआर कॉलेज के समीप पुलिस ने गश्ती के दौरान…
समस्तीपुर : समस्तीपुर जिले के हलई थाना क्षेत्र के चकलालशाही चौक पर थाना के पुराने…
समस्तीपुर : दशहरा के मौके पर रावण दहन से पहले समस्तीपुर पुलिस ने एक ऐसे…