मटका फोड़ प्रतियोगिता; कृष्ण जन्मोत्सव पर युवाओं का दिखा दम, दलसिंहसराय की टीम को मिली कामयाबी


समस्तीपुर/विद्यापतिनगर : पुरानी दुर्गा मंदिर, मऊ बाजार परिसर में मंगलवार की देर शाम मटका फोड़ प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। सार्वजनिक श्रीकृष्ण पूजा समिति, मऊ बाजार द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुटी। जहां करीब तीन घंटे तक दर्जनों भर प्रतिभागी मटका फोड़ने का प्रयास करते रहे। इस दौरान युवाओं में गजब का उमंग व उत्साह देखा गया। संगीत की धुन पर प्रतिभागी सहित उपस्थित युवा थिरकते नजर आएं।
हजारों की भीड़ के समक्ष प्रतिभागी युवकों का दल पानी की बौछारों और रंग गुलाल की फुहारों का सामना करते हुए भरभरा कर गिरते और फिर एकत्रित होकर मटका फोड़ने में लगे रहे। मटका फोड़ प्रतियोगिता के दौरान युवाओं की टोली मटका फोड़ने के लिए काफी मशक्कत की। इस दौरान उपस्थित भीड़ ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन ताली बजाकर किया। छठें राउंड के बाद दलसिंहसराय टीम के युवाओं ने मटका फोड़कर प्रतियोगिता जीत ली।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि समाजसेवी सह विकासशील इंसान पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष कुणाल कुमार ने विजेता टीम को चमचमाती ट्रॉफी व आयोजन समिति की ओर से प्रदत 11,000 रुपए नकद प्रदान किया। मौके पर आयोजित कार्यक्रम की सराहना करते हुए श्री कुणाल ने कहा कि इस तरह के आयोजन से समाज में एकता और भारतीय परंपराओं को सशक्त आयाम मिलता है।

उन्होंने कहा कि जिस तरह बाल रूपी श्री कृष्ण ने कंस जैसे आताताई का वध कर सृष्टि की रक्षा की थी। उसी प्रकार से युवाओं को समाज में हो रहे दमन के विरुद्ध एकजुट होकर सामूहिकता की मिशाल पेश करने की आवश्यकता है। वहीं उप विजेता मऊ बाजार की टीम को यूथ ब्रिगेड के संयोजक पदमाकर सिंह लाला ने ट्रॉफी व 51,00 रुपए नकद प्रदान कर पुरस्कृत किया गया। प्रखंड क्षेत्र में इस तरह के प्रतियोगिता आयोजन होने से क्षेत्र में हर्षोल्लास का वातावरण देखने को मिला।

जय कन्हैया लाल की, हाथी घोड़ा पालकी, जय श्री कृष्णा, जय जय श्री राधे-राधे के नारों से पूरा इलाका गुंजायमान बना रहा। उद्घोषणा शिक्षक कुंदन कुमार व गुरुदेव पटेल ने किया। आयोजन में सार्वजनिक श्री कृष्णा पूजा समिति के अध्यक्ष सुनील साह, सचिव राकेश कुमार उर्फ मैनेजर साह, कोषाध्यक्ष संजीव कुमार साह, व्यवस्थापक शंभू सोनी, संजय साह, दिलीप चौधरी, राहुल कुमार, कन्हैया दास, ओंकार दास, प्रिंस शर्मा,आजाद कुमार, गोपाल कुमार, संतोष साह, राकेश साह, नवीन गुप्ता, प्रभात गुप्ता आदि ने महती भूमिका निभाई। उधर प्रतिमा दर्शन को उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ पूजा अर्चना कर महाआरती में शामिल हुए।




