गुंडा पंजी में जोड़े जाएंगे नये नाम, बदमाशों के परेड की तैयारी में जुटी समस्तीपुर पुलिस

यहां क्लिक कर हमसे व्हाट्सएप पर जुड़े
समस्तीपुर : बिहार विधानसभा चुनाव के मद्देनजर मुख्यालय के निर्देश पर समस्तीपुर पुलिस सक्रिय हो गयी है। डीजीपी विनय कुमार के निर्देश पर अब थानों में गुंडा पंजी को फिर से अपडेट करने का निर्देश दिया गया है। सभी थानाध्यक्षों को फिर से गुंडापंजी अपडेट करना होगा। गुंडा पंजी में नये बदमाशों के नामों को जोड़ने को लेकर अनुशंसा करना शुरू कर दिया गया है। पुलिस के द्वारा जेल से निकलने वाले बदमाशों की गतिविधियों पर नजर रखनी शुरू कर दी गयी है।
इस संबंध में सदर एसडीपीओ-1 संजय कुमार पांडेय ने बताया कि गुंडा पंजी अपडेट करने का उद्देश्य क्षेत्र में सक्रिय आपराधिक तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ समय रहते कार्रवाई सुनिश्चित करना है। आने वाले महीनों में विधानसभा चुनाव है। इसके मद्देनजर थानाध्यक्षों को निर्देश दिया गया है कि वे अपने-अपने थाना क्षेत्रों में पुराने गुंडा पंजी की समीक्षा करें और हाल के वर्षों में उभरकर आए नये आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्तियों के नामों को उसमें जोड़ें।

पुलिस द्वारा हाल ही में जेल से जमानत पर छूटकर आए बदमाशों की गतिविधियों पर भी नजर रखी जा रही है। ऐसे व्यक्तियों के पुनः अपराध में शामिल होने की आशंका को देखते हुए उनकी निगरानी के लिए स्थानीय पुलिस और खुफिया इकाइयों को सतर्क रहने का निर्देश दिया गया है।
एसडीपीओ-1 ने बताया कि एसपी के स्तर से लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। जिलास्तर पर विशेष अभियान के तहत चिन्हित बदमाशों की सूची तैयार की जा रही है। आवश्यकता पड़ने पर उनके विरुद्ध गुंडा एक्ट या सीसीए के तहत कार्रवाई भी की जाएगी। उनका बताना है कि विधानसभा चुनाव के दौरान शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह कदम काफी अहम साबित होगा। अपराधियों पर सख्ती के साथ ही आम जनता में सुरक्षा की भावना मजबूत करने की दिशा में यह एक जरूरी पहल मानी जा रही है।

जल्द होगा गुंडा पंजी में नामित लोगों का परेड :
जिले में बढ़ते आपराधिक घटनाओं पर नकेल कसने और असामाजिक तत्वों में कानून का डर पैदा करने के उद्देश्य से समस्तीपुर पुलिस द्वारा विभिन्न थाना क्षेत्रों में गुंडा परेड का आयोजन किया जाएगा। जिसमें चिन्हित असामाजिक तत्वों को थाने बुलाकर उनकी गतिविधियों की समीक्षा की जाएगी। ताकि गुंडा प्रवृत्ति के लोगों से उनकी वर्तमान गतिविधियों की जानकारी ली जा सकेमऔर उन्हें चेतावनी दी जा सके कि यदि भविष्य में किसी भी आपराधिक गतिविधि में उनकी संलिप्तता पाई जाती है, तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। सदर एसडीपीओ-1 संजय कुमार पांडेय ने बताया कि यह परेड पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर आयोजित की जा रही है, ताकि जिले में भयमुक्त माहौल कायम किया जा सके। इसके लिये गुंडा पंजी को अपडेट कर नए असामाजिक तत्वों की पहचान की जा रही है।





