समस्तीपुर : जिले में कब कहां अपराधी-बदमाश फायरिंग की घटना को अंजाम दे दें और कौन इसकी जद में आ जाए कुछ कहा नहीं जा सकता है। जैसे दिवाली पर पटाखे छूटते हैं वैसे ही जिले भर में इन दिनों ताबड़तोड़ गोलियां छोड़ी जा रही हैं। कभी पुरानी रंजिश तो कभी जमीनी विवाद और वर्चस्व स्थापित करने को लेकर आए दिन गोलीबारी की घटना हो रही है। इन घटनाओं में कई लोगों की मौत व कई लोग गंभीर रूप से घायल हो चुके हैं। पुलिस की कार्रवाई के बावजूद इन घटनाओं पर लगाम नहीं लग पा रही है।
वहीं, कई घटनाओं में पुलिस की कार्रवाई नाकाफी नजर आती है। जितनी भी घटनाएं हुई हैं सभी अवैध हथियार से हुई हैं। क्षेत्र में अवैध हथियार लोगों के पास पहुंच में है। ऐसा लग रहा है अवैध हथियार की खरीद-बिक्री पर पुलिस लगाम लगाने के लिए विशेष कुछ उपाय नहीं कर रही है। जिले में इस वर्ष अब तक गोली की 20 से अधिक घटनाओं में पांच लोगों की मौत हो गई। वहीं बदमाशों ने गोली मारकर एक कुत्ते की भी हत्या कर दी। वहीं, इस दौरान इन घटनाओं में 17 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो चुके हैं।
मुसरीघरारी थाना क्षेत्र से पुलिस ने पटना के एक हथियार तस्कर गिरफ्तार किया था। उसके पास से भारी मात्रा में हथियार और गोली बरामद हुआ था। पूछताछ में उसने पुलिस को बताया था कि वह जिले से हथियार गोली खरीद कर ले जाता था और उसे वह दूसरे जिलों में बेचता था। पुलिस को उसके बताए गिरोह के सदस्यों को गिरफ्तार करना था और हथियार खरीद-बिक्री करने वाले नेटवर्क का खुलासा करना था। हालांकि, उस मामले में पुलिस के आगे कोई कार्रवाई करने की बात सामने नहीं आयी है।
वहीं, मुफ्फसिल थाना क्षेत्र अंतर्गत हथियार लहराने का एक वीडियो सामने आया था। मामला संज्ञान में आने के बाद एसपी अशोक मिश्रा के निर्देश पर मुफ्फसिल पुलिस ने वीडियो में हथियार लहराते दिखाई दे रहे युवक की पहचान कर उसके विरुद्ध एफआईआर दर्ज किया था। हालांकि, उसकी भी गिरफ्तारी अभी तक नहीं हो सकी है और न ही वायरल वीडियो में दिख रहा हथियार ही पुलिस बरामद कर सकी है।
शहर के मगरदही मोहल्ले में हुए इंटर के छात्र आयुष कुमार राय उर्फ छोटू की गोली मारकर हत्या मामले पुलिस अब तक मुख्य अभियुक्त को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। इस मामले में नामजद आरोपी बनाए गए एक अन्य अभियुक्त को पुलिस ने जरूर गिरफ्तार किया है, लेकिन हत्या का मोटिव व घटना में प्रयुक्त हथियार बरामद नहीं हो सका है। वहीं, मिली जानकारी के अनुसार इस हत्याकांड में अब एक बड़े कुख्यात अपराधी का नाम जुड़ रहा है।
कहा जा रहा है कि उसने पीछे से गोली मारकर आयुष की हत्या कर दी और अंधेरे का लाभ उठाकर छिपकर भागने में वह कामयाब रहा था। उसने यह घटना आयुष के मामा से बदला लेने के लिए की थी। वहीं, पुलिस अभी तक कल्याणपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत हुए दोहरे हत्याकांड का खुलासा नहीं कर सकी है। और न ही घटना को कारित करने वाले बाइक सवार तीन अपराधियों को गिरफ्तार कर सकी है। हालांकि, पुलिस ने संदेह के आधार पर एक आरोपी को जरूर गिरफ्तार कर जेल भेजा है।
—————————————–
आपसी विवाद में गोलीबारी की घटनाएं हुई हैं। पुलिस इन घटनाओं पर गिरफ्तारी से लेकर सभी विधि सम्मत कार्रवाई कर रही है। हथियार की खरीद-बिक्री करने वाले गिरोह के नेटवर्क को खंगाला जा रहा है।
अशोक मिश्रा, एसपी, समस्तीपुर
केस एक
नगर थाना क्षेत्र के मगरदही में रह रहे मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के बुल्लेचक के इंटर के एक छात्र की सात मार्च को बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी।
केस दो
मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के केशोपट्टी में पूर्व के विवाद में बदमाशों ने छह फरवरी को एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी।
केस तीन
मोहनपुर थाना क्षेत्र के डीह माधेपुर में बदमाशों ने 26 जनवरी को एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी।
केस चार
दलसिंहसराय थाना क्षेत्र के केवटा वार्ड 9 में पांच जनवरी को बदमाशों ने भूमि विवाद में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी।
केस पांच
बिथान थाना क्षेत्र के सिहमा में ताश खेलने के दौरान हुए विवाद में चार जनवरी को एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई।
20 मार्च
मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के गंगापुर वार्ड 12 में बाइक सवार बदमाशों ने कुत्ते के भौंकने पर उसके मालिक पर गोली चला, गोली कुत्ते को लग गौ और उसकी मौत हो गई।
17 मार्च
पूसा थाना क्षेत्र के विष्णपुर बथुआ में बदमाशों ने एक पुरुष व एक महिला को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। इस दौरान करीब आठ राउंड फायरिंग कर दहशत फैला दिया।
16 मार्च
कल्याणपुर थाना क्षेत्र के बरहेता पंचायत वार्ड संख्या एक कमरगामा गांव में बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर पूरे गांव में दहशत फैला दिया।
15 मार्च
विद्यापतिनगर थाना क्षेत्र के शेरपुर गांव में दो पक्षों के बीच विवाद में कई राउंड फायरिंग की घटना की गई। इसमें गोली लगने से एक युवक घायल हो गया है।
15 मार्च
बिथान थाना क्षेत्र करांची गांव में होली खेलने के विवाद में एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के एक व्यक्ति और उसके नवजात नाती को गोली मारकर घायल कर दिया।
14 मार्च
मोहनपुर थाना क्षेत्र के डुमरी दक्षिणी पंचायत के चपरा गांव में बदमाशों ने पुरानी रंजिश में दो लोगों को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
2 मार्च
पूसा थाना क्षेत्र के बिरौली गांव में अज्ञात बदमाशों ने एक दुकानदार को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। वहीं, इसकी सूचना पुलिस को 12 घंटे बाद मिली।
14 फरवरी
पटोरी थाना क्षेत्र के जोरपुरा चौबटिया के पास बदमाशों ने बंधन बैंक के एक कर्मी को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
13 फरवरी
पटोरी थाना क्षेत्र के दक्षिणी धमौन में रुपए के लेने-देन को लेकर हुए विवाद के कारण एक व्यक्ति को गोली मारकर घायल कर दिया गया।
6 फरवरी
हसनपुर थाना क्षेत्र के परिदह महुली गांव में बच्चों के बीच हुए विवाद के बाद हुई फायरिंग की घटना में एक किशोर गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया।
6 फरवरी
वारिसनगर थाना क्षेत्र के कुसैया में बदमाशों ने एक सीएसपी संचालक से लूट के दौरान उसे गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
6 फरवरी
हसनपुर थाना क्षेत्र के खोरी गांव में दो पक्षो के बीच हुए विवाद में जमकर फायरिंग की घटना हुई। मारपीट में दोनों पक्ष के कई लोग घायल हो गए।
22 जनवरी
मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के जितवारपुर निजामत रेलवे कॉलोनी स्थित के एक श्रृंगार दुकान पर बदमाशों ने जमकर फायरिंग और लूट की घटना को अंजाम दिया।
11 जनवरी
बिथान थाना क्षेत्र के पुसहो में बदमाशों ने सीएसपी संचालक से लूट के दौरान उसे गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
3 जनवरी
विद्यापतिनगर थाना क्षेत्र के शेरपुर गांव में भूमि विवाद बदमाशों ने एक युवक को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
समस्तीपुर/मोहिउद्दीननगर : मोहिउद्दीननगर थाने में पदस्थापित डायल 112 के सहायक अवर निरीक्षक (एएसआई) बबलू प्रसाद…
समस्तीपुर : मोहिउद्दीननगर थाना परिसर स्थित अपने कमरे में मृत पाए गए डायल-112 में तैनात…
समस्तीपुर/हसनपुर : समस्तीपुर जिले के हसनपुर प्रखंड के मंगलगढ़ सुंदरिया नगर के समीप शनिवार को…
समस्तीपुर/उजियारपुर : समस्तीपुर जिले के उजियारपुर थाना क्षेत्र में हुए चर्चित सुमन कुमार हत्याकांड का…
समस्तीपुर : एडीजे अष्टम आशुतोष कुमार राय की अदालत ने हत्या के प्रयास के एक…
समस्तीपुर/उजियारपुर : समस्तीपुर जिले के उजियारपुर थाना क्षेत्र से एक शर्मनाक घटना सामने आ रही…