समस्तीपुर में दिनभर हुए रिमझिम वर्षा से जनजीवन हुआ अस्त-व्यस्त, ठंड बढ़ने के कारण घरों में दुबके रहे लोग

यहां क्लिक कर हमसे व्हाट्सएप पर जुड़े
समस्तीपुर :- समस्तीपुर में गुरुवार को हुई रिमझिम फुहारों से ठंड में अचानक वृद्धि एवं लगातार हो रही वर्षा के कारण दिनभर लोग घरों में दुबके रहे। जिले में गत तीन दिनों से मौसम का मिजाज बदला हुआ है, सूर्य देव की लुकाछिपी जारी है। वहीं बुधवार की शाम से ही रूक-रूककर हो रही बूंदाबांदी, गुरुवार को तेज बरसात में बदल गई, जिससे तापमान में भारी गिरावट आई है।
गुरुवार को दिनभर प्राय: जिले के सभी हिस्सों में वर्षा होने से ठंड में वृद्धि महसूस की जा रही है। जानकारों की मानें तो अभी कुछ दिनों तक मौसम इसी प्रकार का बना रहेगा। गुरुवार को दिनभर सूर्य नहीं निकलने तथा लगातार हो रही बारिश का सीधा प्रभाव आम जन-जीवन पर दिखा।

आज सड़कों पर वाहनों की रफ्तार धीमी रही, वहीं इक्का-दुक्का दोपहिया वाहन ही सड़कों पर नजर आए। नौकरी पेशा एवं रोजमर्रा के लिए घरों से निकले लोगों को मौसम का मार सहना पड़ा, खासकर स्कूल जाने वाले बच्चों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। दिसंबर में हुईं इस बरसात से किसानों ने खुशी और ग़म जाहिर करते हुए कहा कि यह पानी फसलों के लिए अमृत के समान है, वहीं खेतों में होने वाले पटवन से भी उन्हें निजात मिली है। लेकिन 10-15 दिन पहले बोई गई गेहूं मे यह लाभदायक है, वहीं तोरी मे लगे फूल को इस वर्षा से नुकसान ही है। आलू की फसल के लिए भी यह वर्षा नुकसानदायक ही है।







