शरद यादव के बेटे को मधेपुरा से टिकट नहीं, शांतनु का सोशल मीडिया पर छलका दर्द

यहां क्लिक कर हमसे व्हाट्सएप पर जुड़े
बिहार की मधेपुरा लोकसभा सीट पर दिवंगत शरद यादव के बेटे शांतनु यादव को झटका लगा है। शांतनु आरजेडी से टिकट की मांग कर रहे थे। मगर लालू एवं तेजस्वी यादव ने मधेपुरा से कुमार चंद्रदीप को मैदान में उतारा है। इसके बाद शांतनु यादव ने एक सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए अपना दर्ज जाहिर किया। उन्होंने इशारों में लालू एवं तेजस्वी पर तंज कसा। शांतनु ने शरद यादव का फोटो पोस्ट कर कहा कि सिर से पिता का साया हट जाना जीवन का सबसे कष्टदायी क्षण होता है।
शांतनु यादव की यह पोस्ट आरजेडी की मंगलवार को कैंडिडेट लिस्ट जारी होने के ठीक बाद आई। इससे राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया। बता दें कि मधेपुरा सीट से शरद यादव चार बार लोकसभा का चुनाव जीतकर संसद पहुंचे। 2019 के लोकसभा चुनाव में भी शरद यादव को आरजेडी ने मधेपुरा से चुनावी मैदान में उतारा था, हालांकि उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। पिछले साल जनवरी में उनका निधन हो गया।

शरद यादव के बाद शांतनु यादव को उम्मीद थी कि अपने पिता की परंपरागत सीट से आरजेडी उन्हें टिकट देगी। उनके लालू परिवार से अच्छे संबंध भी हैं। शांतनु कई बार तेजस्वी एवं तेज प्रताप के साथ सार्वजनिक कार्यक्रमों में नजर आ चुके हैं। हालांकि, टिकट नहीं मिलने पर उन्हें निराशा हाथ लगी है।

सोशल मीडिया पोस्ट पर शांतनु के समर्थक उन्हें धैर्य रखने की सलाह दे रहे हैं। समर्थकों का कहना है कि उन्हें अपने पिता की तरह संघर्षशील होना चाहिए। लोकसभा चुनाव में टिकट नहीं मिला तो उन्हें निराश होकर बैठना नहीं चाहिए, बल्कि 2025 के विधानसभा चुनाव की तैयारी करनी चाहिए। उसमें उन्हें जरूर सफलता हाथ लगेगी।





