समस्तीपुर बीएड कॉलेज पर फर्जी सेवाकालीन ट्रेनिंग मामले में शिक्षिका हेना प्रवीण से स्पष्टीकरण, निलंबन की कार्रवाई तय
हेना और अनीता को पूछताछ के लिये उठा सकती है पुलिस

समस्तीपुर : बीएड कॉलेज में फर्जी तरीके से प्रशिक्षण लेने के मामले में खुलासे के बाद शिक्षा विभाग हरकत में आ गया है। अब प्राथमिक उर्दू विद्यालय आलमपुर, विभूतिपुर की शिक्षिका हेना प्रवीण पर भी विभाग शिकंजा कसता जा रहा है। डीपीओ एसएसए ने हेना प्रवीण से स्पष्टीकरण तलब किया है और दो दिनों के भीतर जवाब देने का निर्देश दिया है। डीपीओ एसएसए कार्यालय से जारी पत्र में पूछा है कि आखिर किस परिस्थिति में उनकी जगह किसी अन्य महिला को प्रशिक्षण के लिए भेजा गया। साथ ही यह भी स्पष्ट करने को कहा गया है कि क्यों न आपके विरुद्ध विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए।
इस संबंध में डीईओ कामेश्वर प्रसाद गुप्ता का बताना है कि डीपीओ एसएसए द्वारा पूछे गये स्पष्टीकरण का हेना प्रवीण के द्वारा अगर संतोषजनक जबाब नहीं दिया जाता है तो उनपर निलंबन की कार्रवाई की जाएगी। बता दें कि शहर के आजाद चौक अमीरगगंज मुहल्ले में स्थित अध्यापक शिक्षा महाविद्यालय में सोमवार को पांच दिवसीय प्रशिक्षण के दौरान हेना प्रवीण की जगह फर्जी तरीके से सोनी कुमारी को ट्रेनिंग के लिये भेजा गया था।

काउंटर पर रजिस्ट्रेशन के दौरान पति के नाम पूछने पर पकड़ाने के बाद सोनी कुमारी को मुफ्फसिल पुलिस ने गिरफ्तार कर मेडिकल जांच के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया था। इस मामले में प्राथमिक उर्दू विद्यालय आलमपुर, विभूतिपुर की शिक्षिका हेना प्रवीण और अंबेडकर विद्यालय की शिक्षिका पर भी अब कार्रवाई की तलवार लटक गई है। इन दोनों के उपर भी मुफस्सिल थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है। पूछताछ के लिये दोनों को पुलिस हिरासत में भी ले सकती है।

बयान :
दो दिनों के भीतर हेना प्रवीण से स्पष्टीकरण का जबाब मांगा गया है। यदि स्पष्टीकरण का जबाब संतोषजनक नहीं पाया गया, तो हेना प्रवीण के विरुद्ध निलंबन समेत कठोर विभागीय कार्रवाई की जाएगी। विभाग इस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रहा है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि फर्जी ट्रेनिंग प्रकरण में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
कामेश्वर प्रसाद गुप्ता, डीईओ, समस्तीपुर





