समस्तीपुर Town

नजर हर खबर पर…

NationalNEWS

BSF जवानो को खस्ताहाल ट्रेन मिली: सीटों पर गद्दी नहीं, टॉयलेट टूटा, कॉकरोच थे; 4 सस्पेंड

IMG 20241130 WA0079

कश्मीर में अमरनाथ यात्रा के दौरान ड्यूटी के लिए त्रिपुरा से सीमा सुरक्षा बल (BSF) के जवानों को लाने के लिए जर्जर और गंदे डिब्बों वाली ट्रेन उपलब्ध कराए जाने के विवाद के बीच रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने चार अधिकारियों को निलंबित कर दिया है और मामले की जांच के आदेश दिए हैं। रेल मंत्रालय की ओर से बुधवार को जारी बयान के अनुसार, मंत्री ने कहा कि सुरक्षा बलों की गरिमा सर्वोपरि है और इस तरह की लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

यह कार्रवाई पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे जोन द्वारा ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में आरोपों को खारिज करने के एक दिन बाद की गई है, जहां सोशल मीडिया यूजर्स ने ऑनलाइन सामने आए ट्रेन के वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए डिब्बों की स्थिति को लेकर रेलवे की आलोचना की थी। बीएसएफ की 13 कंपनियों से लगभग 1,200 जवानों को छह जून को त्रिपुरा के उदयपुर से जम्मू तवी के लिए एक विशेष ट्रेन में सवार होना था। ट्रेन का बीच में कुछ स्थानों पर ठहराव था एवं त्रिपुरा, असम और पश्चिम बंगाल में चार स्थानों से जवान सवार होने वाले थे।

IMG 20250515 WA0048paid hero ad 20250215 123933 1 scaled

अधिकारियों ने बताया कि ट्रेन नौ जून को बीएसएफ को उपलब्ध कराई गई थी और इसकी ‘‘खराब और जर्जर’’ स्थिति देखी तो जवानों ने एक डिब्बे का निरीक्षण करते हुए वीडियो रिकॉर्ड कर लिया। ट्रेन के डिब्बों की स्थिति को दर्शाने वाले वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने पर रेलवे को विभिन्न क्षेत्रों से कड़ी आलोचना का सामना करना पड़ा, जिसके बाद रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों ने इसका संज्ञान लिया।

Dr Chandramani Rai 12x18 Sticker scaled

कांग्रेस प्रवक्ता शमा मोहम्मद ने ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘यह तब होता है जब सरकार का पूरा ध्यान कुछ आकर्षक ट्रेन के प्रचार पर होता है, जबकि आम जनता जानवरों की तरह यात्रा करने को मजबूर होती है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘अमरनाथ यात्रा की तैनाती पर जा रहे हमारे बीएसएफ जवानों के लिए गंदगी, कॉकरोच और टूटी सीटों से भरी एक गंदी ट्रेन उपलब्ध कराने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को शर्म आनी चाहिए।’’

IMG 20240904 WA0139

रेल मंत्रालय की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि अलीपुरद्वार रेल डिवीजन के तीन वरिष्ठ सेक्शन इंजीनियर और एक कोचिंग डिपो अधिकारी को रेल मंत्री ने निलंबित कर दिया है। बयान में कहा गया, ‘‘रेल मंत्री ने कहा कि सुरक्षा बलों की गरिमा सर्वोपरि है और किसी भी स्तर पर इस तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों, इसके लिए जांच के आदेश भी दिए गए हैं।’’

IMG 20250204 WA0010

मंत्रालय ने कहा कि सुरक्षाकर्मियों की सुचारू और आरामदायक आवाजाही के लिए सभी सुविधाओं से युक्त एक विशेष ट्रेन की व्यवस्था की गई है। ये जवान जम्मू-कश्मीर में तीन जुलाई से शुरू होने वाली वार्षिक अमरनाथ यात्रा के लिए केंद्र सरकार द्वारा की जा रही केंद्रीय बलों की अतिरिक्त तैनाती का हिस्सा थे। दस जून को, पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (एनएफआर) जोन, जिसके अंतर्गत अलीपुरद्वार रेल डिवीजन आता है, ने ट्रेन का एक वीडियो दिखाने वाले सोशल मीडिया पोस्ट का जवाब देते हुए जर्जर डिब्बे उपलब्ध कराने के आरोपों को खारिज कर दिया।

IMG 20241218 WA0041

एनएफआर ने पोस्ट किया था, ‘‘यह आरोप गलत है कि बीएसएफ को यात्रा के लिए इस तरह का डिब्बे मुहैया कराये गए थे। डिब्बों को आवश्यक रखरखाव, मरम्मत और सफाई के बाद ही यात्रा के लिए मुहैया कराया जाता है। यह वीडियो एक बिना निरीक्षण किए गए डिब्बे का है जिसे मरम्मत के लिए भेजा जा रहा था और यह बीएसएफ जवानों की यात्रा के लिए नहीं था।’’ अमरनाथ के लिए 38 दिवसीय यात्रा नौ अगस्त को समाप्त होगी।

IMG 20250404 WA0105 1

केंद्र ने यात्रा के संचालन के लिए केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (सीएपीएफ) की कुल 581 कंपनियों की तैनाती का आदेश दिया है, जिसमें लगभग 42,000 कर्मी शामिल होंगे। पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकवादी हमले के मद्देनजर विशेष सुरक्षा व्यवस्था की जा रही है क्योंकि तीर्थयात्रा को पहले भी आतंकी संगठनों ने निशाना बनाया है। पहलगाम हमले में 26 लोग मारे गए थे, जिनमें अधिकतर पर्यटक थे।

IMG 20230818 WA0018 02