Bihar

अनंत सिंह के जन सुराज जॉइन करने की अटकलों पर PK बोले- आएंगे तो देखा जाएगा, समर्थन पर कहा- कोई भी करे, इससे हमारा क्या नुकसान है

बिहार विधान परिषद की आठ सीटों पर चुनावी घमासान तेज है. सबसे ज्यादा चर्चा पटना स्नातक सीट की है. यहां जदयू विधायक अनंत सिंह ने जन सुराज के प्रत्याशी अनुज सिंह का खुलकर समर्थन किया है. वह उनके लिए प्रचार भी कर रहे हैं. अनंत सिंह के इस रुख पर अब जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने जवाब दिया है. उन्होंने साफ कहा कि अनंत सिंह अभी जन सुराज का हिस्सा नहीं हैं. वह सिर्फ पार्टी के उम्मीदवार का समर्थन कर रहे हैं.

‘अनंत सिंह हमारी पार्टी में नहीं हैं’

प्रशांत किशोर से जब अनंत सिंह के समर्थन को लेकर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि हजारों लोग जन सुराज का समर्थन कर रहे हैं. सिर्फ समर्थन करने से किसी का पार्टी में आना जरूरी नहीं है. उन्होंने कहा कि अनंत सिंह ने जन सुराज में शामिल होने की बात नहीं कही है. अगर वह कभी पार्टी में आने की बात करते हैं, तब पार्टी इस पर फैसला लेगी. प्रशांत किशोर ने कहा, “अनंत सिंह हमारी पार्टी में नहीं हैं और न ही हम उनके नेता हैं. वे हमारे उम्मीदवार के समर्थन में आए हैं.” उन्होंने यह भी कहा कि उनकी पृष्ठभूमि के बारे में जन सुराज को कोई जानकारी नहीं है. सत्ता में बैठे लोगों को इस पर जवाब देना चाहिए.

‘बाहुबली हो या कोई और, विचारधारा से जुड़िए’

प्रशांत किशोर से पूछा गया कि क्या जन सुराज चुनाव जीतने के लिए ‘बाहुबली’ का सहारा लेगा. इस पर उन्होंने कहा कि जिसे सातवां वेतनमान चाहिए, जो वित्त रहित शिक्षकों को अपना और सम्मानित देखना चाहता है, जिसे रोजगार चाहिए, वह जन सुराज की विचारधारा से जुड़े. उन्होंने कहा कि फिर वह कोई भी हो सकता है. प्रशांत किशोर ने कहा कि बिहार में जन सुराज का प्रयास पिछले चार साल से चल रहा है. इसमें किसी ‘बाहुबली’ या ‘धर्मबली’ का कोई महत्व नहीं है.

‘अगर अनंत सिंह पार्टी में आए तो…’

जब प्रशांत किशोर से सीधा सवाल किया गया कि अगर अनंत सिंह जदयू छोड़कर जन सुराज में शामिल होते हैं तो क्या होगा? इस पर उन्होंने कहा कि ऐसा होगा तो देखा जाएगा. उन्होंने पत्रकारों से कहा कि आज की तारीख में जन सुराज अपने दम पर चुनाव लड़ रहा है. प्रशांत किशोर ने एक कविता का जिक्र करते हुए कहा, “उत्सुक होकर शिशु ने पूछा, फिर क्या होगा उसके बाद. अरे, जब जो होगा तो देखा जाएगा.” उन्होंने कहा कि अभी जो लोग जन सुराज की विचारधारा और उसके प्रयास पर भरोसा कर रहे हैं, वे पार्टी की मदद कर रहे हैं. जन सुराज उनके समर्थन के लिए धन्यवाद दे रहा है.

‘कोई भाजपा का व्यक्ति भी समर्थन करे तो करने दीजिए’

प्रशांत किशोर ने कहा कि जन सुराज अपने उम्मीदवार अनुज सिंह और दिव्या के लिए जिम्मेदार है. पार्टी अपने कार्यकर्ताओं के आचार, विचार और प्रयास के लिए जिम्मेदार है. उन्होंने कहा कि दूसरे दल का कोई व्यक्ति क्या करता है, उससे जन सुराज का कोई लेना-देना नहीं है. उन्होंने यह भी कहा कि अगर कोई व्यक्ति जन सुराज का समर्थन कर रहा है, चाहे वह भाजपा का ही क्यों न हो, तो उसे समर्थन करने देना चाहिए. इससे पार्टी को कोई नुकसान नहीं है.

अनुज सिंह बोले- सभी से समर्थन मांगेंगे

पटना स्नातक सीट से जन सुराज के प्रत्याशी अनुज सिंह ने भी अनंत सिंह के समर्थन पर प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि अलग-अलग समाज के बुद्धिजीवी और विभिन्न पार्टियों के नेता उनका समर्थन कर रहे हैं. कई दलों के लोग उन्हें अपना अभिभावक मानकर समर्थन दे रहे हैं. अनुज सिंह ने कहा कि वह प्रत्याशी हैं. इसलिए सभी से समर्थन मांगेंगे. अगर कोई उनका समर्थन कर रहा है तो यह अच्छी बात है.

अनंत-नीरज विवाद से जदयू की बढ़ी मुश्किल

पटना स्नातक सीट पर अनंत सिंह के रुख ने जदयू की मुश्किल बढ़ा दी है. अनंत सिंह अपनी ही पार्टी के प्रत्याशी नीरज कुमार के खिलाफ प्रचार कर रहे हैं. दोनों नेताओं के बीच विवाद की शुरुआत विधानसभा चुनाव के दौरान हुई थी. अब विधान परिषद चुनाव में यह विवाद खुलकर सामने आ गया है. अनंत सिंह ने चुनाव की घोषणा के बाद से ही नीरज कुमार के खिलाफ मोर्चा खोल रखा है. उन्होंने नीरज पर गंभीर आरोप भी लगाए हैं. उनका कहना है कि नीरज ने उनके घर में एके-47 रखवाकर उन्हें फंसाने की कोशिश की थी. अनंत सिंह ने नीरज कुमार को हराने की बात भी कही है. इसी वजह से पटना स्नातक सीट का चुनाव बिहार की सियासत में खास चर्चा का विषय बना हुआ है.

Avinash Roy

Recent Posts

रोटी बैंक के बैनर तले छायागृह जीवन ज्योति सेवा फाउंडेशन की ओर से पहली बार आयोजित रक्तदान शिविर में 10 युवाओं ने किया रक्तदान

समस्तीपुर/विभूतिपुर : विभूतिपुर प्रखंड के देसरी उर्फ शाहजहांपुर पंचायत के वार्ड संख्या 18 में रविवार…

5 मिनट ago

स्नातक-शिक्षक निर्वाचन की तैयारियों की डीएम ने की समीक्षा, सभी कोषांगों को समयबद्ध तरीके से काम पूरा करने का निर्देश

समस्तीपुर : बिहार विधान परिषद के स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के द्विवार्षिक निर्वाचन 2026…

21 मिनट ago

सरायरंजन में जनरल स्टोर के एल्वेस्टर में सेंध लगाकर चोरी, करीब 20 हजार का सामान व नगदी ले गए चोर

समस्तीपुर/सरायरंजन : सरायरंजन थाना क्षेत्र के जितवारपुर कुम्हिरा पंचायत स्थित महरी टोल, वार्ड संख्या 11…

1 घंटा ago

एसपी ने दो थानाध्यक्षों को बदला, आशुतोष को रोसड़ा और शिव नारायण को कर्पूरीग्राम थाने की कमान

समस्तीपुर : एसपी अरविंद प्रताप सिंह ने जिले में पुलिस व्यवस्था को मजबूत करने के…

16 घंटे ago

राइफल नंबर ने खोली पोल, जन सुराज के प्रत्याशी रह चुके पूर्व जिलाध्यक्ष राजकपूर सिंह गिरफ्तार; लाइसेंसी राइफल चोरी की कहानी पड़ी भारी

समस्तीपुर : समस्तीपुर जिले के मोहिउद्दीननगर विधानसभा क्षेत्र से जन सुराज के प्रत्याशी रह चुके…

17 घंटे ago