क्या नीतीश के कहने पर सम्राट चौधरी को भाजपा ने बनाया मुख्यमंत्री? सीएम ने खुद बताई अंदर की बात

जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद सम्राट चौधरी बिहार में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के पहले सीएम बने। भाजपा ने इस पद के लिए सम्राट को ही क्यों चुना, इस पर तरह-तरह की अटकलबाजी अब तक हो चुकी है। सियासी गलियारों में एक सवाल यह भी गूंजा कि क्या नीतीश के कहने पर ही भाजपा ने सम्राट को बिहार की सत्ता की कमान सौंपी? अब खुद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इसका जवाब दिया है।
मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के लगभग पौने पांच महीने बाद उन्होंने एनडीए के ‘अंदर की बात’ बताई है। समाचार एजेंसी एएनआई के पॉडकास्ट में बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि नीतीश कुमार के संबंध एनडीए से हैं। मगर भाजपा का मुख्यमंत्री कौन होगा, यह पार्टी का शीर्ष नेतृत्व ही तय करता है। सीएम ने स्पष्ट किया कि नीतीश कुमार एनडीए के सम्मानित नेता हैं, लेकिन भाजपा का नेता कौन होगा, यह पार्टी का आंतरिक मामला होता है। इसलिए भाजपा का शीर्ष नेतृत्व ही इस पर फैसला लेता है।
सम्राट पर नीतीश का विशेष आशीर्वाद
सम्राट चौधरी ने नीतीश या सहयोगी दलों के कहने पर उन्हें सीएम बनाने की बात को सिरे से नकार दिया। हालांकि, उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार का विशेष आशीर्वाद उन पर रहा है और अब भी है।


कभी नहीं सोचा था सीएम बनूंगा : सम्राट चौधरी
बिहार का मुख्यमंत्री बनने के सवाल पर सम्राट ने कहा कि उन्होंने कभी भी नहीं सोचा था कि वह इस पद पर आसीन होंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी ने उन्हें बहुत कुछ दिया। उन्हें विधायक, एमएलसी, मंत्री, डिप्टी सीएम बनाया। वह भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और विधान परिषद में नेता भी रहे।
नीतीश से संबंध खट्टे-मीठे रहे : सम्राट
नीतीश कुमार से संबंधों के सवाल पर सम्राट चौधरी ने कहा कि वह बीते 30 सालों से उनके साथ हैं। इस दौरान संबंध खट्टे-मीठे दोनों तरह के रहे। साल 2024 में नीतीश की एनडीए में वापसी पर उन्होंने कहा कि जब पार्टी ने तय कर लिया कि जेडीयू के साथ गठबंधन होना है और बिहार के विकास के लिए काम करना है तो वह नीतीश के साथ मजबूती से खड़े हो गए। उनकी जेडीयू अध्यक्ष से कोई निजी दुश्मनी नहीं थी।
नीतीश पिता समान, गुरु के सवाल पर क्या बोले सम्राट?
सम्राट चौधरी ने नीतीश को अभिभावक और पिता समान बताया। हालांकि, जब सम्राट से पूछा गया कि क्या वह उन्हें गुरु मानते हैं तो उन्होंने कहा कि वह पिता तुल्य जरूर हैं लेकिन गुरु उनके पिता (शकुनी चौधरी) रहे हैं।




