समस्तीपुर Town

नजर हर खबर पर…

BiharNEWS

कोर्ट में करेंगे सरेंडर खान सर? गिरफ्तारी के लिए खोज रही पुलिस, अभी अता-पता नहीं

IMG 20260212 WA0118

बिहार की राजधानी पटना के मशहूर शिक्षक और यूट्यूबर फैजल खान उर्फ खान सर की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं. पटना के कदमकुआं थाने की पुलिस ने उनके खिलाफ हत्या के प्रयास (Attempt to Murder) और आर्म्स एक्ट के तहत नामजद एफआईआर दर्ज की है. इस कार्रवाई के बाद से ही खान सर अपने कोचिंग संस्थान ‘खान ग्लोबल स्टडीज’ (KGS) से नदारद हैं और उनका मोबाइल फोन भी बंद आ रहा है. कयास लगाए जा रहे हैं कि पुलिस की ताबड़तोड़ छापेमारी से बचने के लिए खान सर आज यानी शनिवार को पटना कोर्ट में सीधे आत्मसमर्पण (Surrender) कर सकते हैं. इस बीच, पटना के मुसल्लहपुर हाट स्थित उनके कोचिंग सेंटर के बाहर हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं.

शुक्रवार की देर रात से शनिवार की सुबह तक ‘खान ग्लोबल स्टडीज’ कोचिंग सेंटर के बाहर हजारों छात्रों का जमावड़ा लगा हुआ है. कहा जा रहा है कि खान सर की संभावित गिरफ्तारी की खबरों से उनके छात्र बेहद सशंकित और परेशान हैं. छात्रों के बीच इस बात को लेकर गहरी चिंता है कि अगर उनके पसंदीदा शिक्षक की गिरफ्तारी होती है तो उनकी पढ़ाई और आने वाली परीक्षाओं की तैयारियों का क्या होगा. कोचिंग कैंपस और उसके आसपास के लॉज में रहने वाले छात्र गुटों में बंटकर पल-पल की खबरों पर नजर रख रहे हैं. इस केस के अन्य आरोपी ज्ञान बिंदु कोचिंग के संचालक रौशन आनंद यादव के समर्थक छात्रों में भी गुस्सा है और ये भी गोलबंद हैं. ऐसे में किसी भी संभावित विरोध-प्रदर्शन को देखते हुए पटना पुलिस पूरी तरह अलर्ट पर है.

HOLY MISSION High School 20x10 1paid hero ad 20250215 123933 1 scaled

बता दें कि मुसल्लहपुर हाट और कदमकुआं इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया गया है. जिला प्रशासन ने एहतियातन कोचिंग परिसर के आसपास भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की है. पुलिस की गाड़ियां लगातार इलाके में गश्त (Patrolling) कर रही हैं ताकि कानून-व्यवस्था न बिगड़े. पुलिस अधिकारियों ने साफ कर दिया है कि छात्रों को कानून हाथ में लेने की इजाजत नहीं दी जाएगी और किसी भी तरह के उपद्रव से सख्ती से निपटा जाएगा.

IMG 20240904 WA0139

दरअसल, इस पूरे मामले में नया और सबसे बड़ा मोड़ तब आया, जब पटना पुलिस ने खान सर के दो निजी सुरक्षाकर्मियों (प्रदीप और तालेश्वर) को गिरफ्तार किया. 3 जून को खान कोचिंग सेंटर में तोड़फोड़ की शिकायतों के बाद 4 जून को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें ये दोनों गार्ड मुसल्लहपुर हाट स्थित कोचिंग सेंटर के बाहर हवाई फायरिंग करते दिख रहे थे. पुलिस हिरासत में पूछताछ के दौरान दोनों बॉडीगार्ड्स ने चौंकाने वाला बयान दिया. उन्होंने पुलिस को बताया कि 2 जून की रात जब कोचिंग के बाहर हंगामा और मारपीट हो रही थी, तब खान सर ने ही उन्हें भीड़ पर गोली चलाने का आदेश दिया था. गार्ड्स के मुताबिक खान सर ने कहा था- “खड़े क्या हो, गोली चलाओ, बाकी मैं देख लूंगा”. इसी बयान को आधार बनाकर पुलिस ने एफआईआर में खान सर का नाम बतौर आरोपी जोड़ा है.

IMG 20250821 WA0010

यह पूरा मामला पटना के दो नामचीन कोचिंग संस्थानों के बीच वर्चस्व की लड़ाई यानी ‘कोचिंग वॉर’ का नतीजा बताया जा रहा है. दरअसल, बिहार पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा के परिणाम आने के बाद, नतीजों का श्रेय लेने को लेकर खान सर की कोचिंग और रौशन आनंद सर की ‘ज्ञान बिंदु जीएस एकेडमी’ के कर्मचारियों के बीच तनाव पैदा हो गया था. 2 जून की रात को 15-20 लोगों की उग्र भीड़ ने खान सर के संस्थान के बाहर जमकर तोड़फोड़ की, पोस्टर फाड़े और पत्थरों से हमला किया, जिसमें एक गार्ड का सिर भी फट गया था . इसके बाद ही हवाई फायरिंग की यह घटना हुई थी.

FB ADD scaled

पटना पुलिस की एक स्पेशल टीम (डीआईयू) खान सर के संभावित ठिकानों पर लगातार रेड कर रही है. दूसरी तरफ, खान सर की लीगल टीम भी पूरी तरह सक्रिय हो गई है. उनके वकीलों द्वारा कोर्ट में अग्रिम जमानत की अर्जी दाखिल करने या आज ही कोर्ट खुलते ही सीधे सरेंडर करने की तैयारी की जा रही है. अब सबकी नजरें पटना कोर्ट की कार्यवाही पर टिकी हैं कि क्या खान सर आज आत्मसमर्पण करते हैं या पुलिस उन्हें पहले गिरफ्तार करने में कामयाब होती है. वहीं, पटना के मुसल्लहपुर और कदमकुआं इलाके में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को कड़ा कर दिया गया है.

IMG 20260516 WA0116