आर्थिक अपराध इकाई द्वारा किशनगंज के एसडीपीओ गौतम कुमार के ठिकानों पर की गई छापेमारी अब कई चौंकाने वाले खुलासों का कारण बन रही है. छह ठिकानों पर हुई इस कार्रवाई के बाद जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे नए किरदार सामने आ रहे हैं. अब इस मामले में एक ऐसा नाम जुड़ा है, जिसने पूरे शहर को हैरान कर दिया है. सूत्रों के मुताबिक, एसडीपीओ के सरकारी आवास में काम करने वाली नौकरानी पारो भी जांच के घेरे में आ गई है. बताया जा रहा है कि पारो के पास करोड़ों की संपत्ति होने के संकेत मिले हैं. शुरुआती जानकारी के अनुसार, उसका संबंध पश्चिम बंगाल के मालदा इलाके से बताया जा रहा है, जहां उसके नाम पर महंगे मकान होने की चर्चा है. एक सामान्य घरेलू कामगार के पास इतनी संपत्ति होने से जांच एजेंसियों के साथ-साथ स्थानीय लोग भी हैरान हैं.
नौकरानी पारो का राज खुला, एक करोड़ का बंगला
मिली जानकारी के अनुसार, छापेमारी के बाद जांच में एक नया मोड़ तब आया जब गौतम कुमार के सरकारी आवास पर काम करने वाली नौकरानी पारो भी करोड़पति निकली. किशनगंज के धर्मगंज, किला बागान की रहने वाली पारो ने पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले के मालदा से सटे इलाके में 1 करोड़ रुपये का बंगला बनवाया है. सूत्र बताते हैं कि वह रोजाना 35 लाख रुपये की महंगी थार कार से काम पर आती-जाती थी. सूत्रों से यह भी पता लगा है कि कई बार एसडीपीओ के सरकारी वाहन से भी उसे लाने-ले जाने की व्यवस्था होती थी. गौतम कुमार ने उसे बुलेट बाइक भी गिफ्ट दी थी. यह भी पता चला है कि घर पर 6 लाख रुपये का सोने का हार भी मिला है.
लग्जरी लाइफस्टाइल ने खींचा ध्यान, खुलासे से सभी हैरान
पारो का जीवनशैली आम नौकरानी से बिल्कुल अलग थी. बताया जाता है कि वह इंस्टाग्राम पर काफी एक्टिव थी और अपने अकाउंट पर बुलेट बाइक की फोटो और रील्स पोस्ट करती थी. एक वीडियो में वह डेढ़ लाख रुपये नकद हाथ में दिखा रही थी. थार कार, बुलेट और एसडीपीओ गौतम कुमार व उनके साथियों के साथ कई तस्वीरें और वीडियो वायरल हो चुके थे. शहर में यह चर्चा का विषय बन गया. जानकारी यह भी है कि छापेमारी की खबर फैलते ही पारो ने अपना इंस्टाग्राम अकाउंट लॉक कर दिया है और अब वह पूरे परिवार के साथ फरार बताई जा रही है. सूत्रों के अनुसार, जांच एजेंसियां उसकी तलाश में जुटी हैं और उसके ठिकानों की जानकारी जुटाई जा रही है.
एसडीपीओ पर 80 करोड़ की बेनामी संपत्ति का आरोप
बता दें कि ईओयू की टीम ने बीते 31 मार्च को गौतम कुमार के किशनगंज के सरकारी आवास, पूर्णिया, पटना, अररिया और सिलीगुड़ी समेत कई जगहों पर छापा मारा था. छापेमारी में 36 जमीन के दस्तावेज, सोने-चांदी के गहने, महंगी घड़ियां और लग्जरी गाड़ियों के कागजात बरामद हुए. गौतम कुमार पर 32 साल की नौकरी में आय से 60 प्रतिशत ज्यादा यानी करीब 80 करोड़ रुपये की बेनामी संपत्ति जमा करने का आरोप है. पूर्णिया में उनका चार मंजिला आलीशान मकान, सिलीगुड़ी में चाय बागान और नोएडा-गुड़गांव में फ्लैट भी सामने आए. गौतम कुमार को तुरंत पद से हटा दिया गया और पुलिस मुख्यालय में रिपोर्ट करने के आदेश दिए गए. बताया जाता है कि निलंबन की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है.
इस बीच नौकरानी से एसडीपीओ के कनेक्शन ने इस मामले को और भी सनसनीखेज बना दिया है. मिली जानकारी के अनुसार, नौकरानी के बारे में यह भी पता लगाया जा रहा है कि उसके नाम पर मौजूद संपत्ति का स्रोत क्या है और क्या इसका संबंध एसडीपीओ से जुड़े मामले से है या नहीं. पुलिस और ईओयू दोनों इस कड़ी को गंभीरता से जांच रहे हैं. इस पूरे मामले में आर्थिक अपराध इकाई की छापेमारी पहले ही चर्चा में थी, लेकिन अब नौकरानी से जुड़े खुलासे ने इसे और सनसनीखेज बना दिया है. जांच एजेंसियां बैंक खातों, संपत्ति के कागजात और लेनदेन की पड़ताल कर रही हैं. ईओयू के सूत्रों ने बताया कि आगामी 6 अप्रैल को गौतम कुमार, उनकी पत्नी और अन्य लोगों से पूछताछ होनी है, आगे और बड़े खुलासे की संभावना जताई है.
समस्तीपुर : समस्तीपुर समेत उत्तर बिहार के जिलों में अगले चार दिनों तक हल्के बादल…
समस्तीपुर : समस्तीपुर के एक युवक की बेगूसराय स्थित अपने ससुराल में हत्या करने वाली…
बिहार में मुंगेर जिले के जमालपुर अंचल कार्यालय में शुक्रवार को एक गंभीर मामला सामने…
बिहार के 19 नगर निगम सहित 264 शहरी निकायों में सशक्त स्थायी समिति के चुनाव…
समस्तीपुर : पूर्व मध्य रेलवे के समस्तीपुर मंडल ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में वाणिज्यिक क्षेत्र…
समस्तीपुर : गर्मी के मौसम में यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे ने नई…