नीतीश कहीं नहीं जा रहे, सीएम की वैकेंसी नहीं: जेडीयू MLC खालिद अनवर

नीतीश कुमार अभी कहीं नहीं जा रहे। बिहार में मुख्यमंत्री पद की कोई वैकेंसी नहीं। नीतीश कुमार बिहार छोड़कर जा रहे, यह कहना जल्दबाजी। जनता दल यूनाइटेड(जेडीयू) के विधान पार्षद खालिद अनवर ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि जो लोग नीतीश कुमार को नहीं जानते है वे ही उनके बिहार छोड़ने की बात कर रहे हैं। जदयू एमएलसी ने यह बयान देकर सस्पेंस का माहौल बना दिया है।
लगभग बीस सालों तक बिहार के मुख्यमंत्री की कुर्सी पर काबिज रहने वाले नीतीश कुमार राज्यसभा के लिए निर्वाचित हो चुके हैं। अभी वे राज्य के सीएम पद पर बने हुए हैं। उनकी राजनीति पटना से दिल्ली शिफ्ट होने वाली है, ऐसी चर्चा है। केंद्र में नीतीश कुमार की भूमिका क्या होगी, इस सवाल के उत्तर की तलाश भी शुरू हो चुकी है। बिहार में नीतीश की कुर्सी के उत्तराधिकारी के रूप में कई नामों पर चर्चा हो रही है। इसी बीच जेडीयू के एमएलसी खालिद अनवर ने अपने बयान से सस्पेंस बढ़ा दिया है।

पटना में मीडिया से बातचीत में खालिद अनवर ने कहा कि कौन कह रहा है कि नीतीश कुमार कहीं जा रहे हैं। नीतीश कुमार बिहार के बेटा हैं, अभी बिहार में हैं और बिहार में रहेंगे। वे तो कहीं जा नहीं रहे हैं। जो लोग ऐसी बातें कह रहे हैं वे नीतीश कुमार से ठीक से वाकिफ नहीं हैं। जब उनसे कहा गया कि नीतीश कुमार तो अब सीएम की कुर्सी पर नहीं रहेंगे क्योंकि राज्यसभा के मेंबर निर्वाचित हो चुके हैं। इस पर उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार सीएम की कुर्सी पर रहेंगे या नहीं रहेंगे, यह कहना जल्बाजी होगी। यह कहना भी मुश्किल है कोई आएगा तो वह नीतीश कुमार की राह पर चलेगा या नहीं।

खालिद अनवर ने कहा कि बिहार की जनता ने नीतीश कुमार और सीएम नरेंद्र मोदी के नाम पर विकास के लिए बहुमत दिया है। वे बिहार को आगे लेकर जा रहे हैं और आगे भी ऐसा करते रहेंगे। यह तो नीतीश कुमार को ही तय करना है कि वह खुद सीएम की कुर्सी पर बैठकर काम करेंगे या एनडीए के किसी अन्य नेता को बैठाकर काम करवाएंगे। फिलहाल बिहार में सीएम की कोई वैकेंसी नहीं है।



