छोटे भाई तेजस्वी के विधानसभा क्षेत्र पहुंचे तेज प्रताप, बाढ़ पीड़ितों से मिले; कहा- विधायक और सांसद भी नहीं पहुंचा रहे कोई मदद

पार्टी और परिवार से दूर चल रहे आरजेडी चीफ लालू यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप इन दिनों चुनाव तैयारियों में जुटे हैं. उन्होने टीम टीम प्रताप बनाई है। हाल ही में 5 राजनीतिक दलों के साथ गठबंधन भी किया था। तेज प्रताप वैशाली की महुआ सीट से चुनाव लड़ने का ऐलान कर चुके हैं। लेकिन मंगलवार को तेज प्रताप अपने छोटे भाई तेजस्वी यादव की विधानसभा सीट राघोपुर पहुंच गए। इस दौरान उन्होने बाढ़ पीड़ितों से मुलाकात की। इस मौके पर उन्होने नीतीश सरकार को घेरा, साथ ही बिना नाम लिए कहा कि यहां के विधायक भी लोगों को सहायता नहीं पहुंचा रहे हैं।
एक्स पर तेज प्रताप ने लिखा कि आज वैशाली जिले के राघोपुर विधानसभा अंतर्गत विदुपुर ब्लॉक के विभिन्न पंचायत पूरे तरीके से बाढ़ से प्रभावित हो चुका है। इस विधानसभा क्षेत्र के अधिकांश पंचायत और गांव बाढ़ के कारण डूब चुके हैं, लेकिन भाजपा नीतीश सरकार द्वारा और यहां के सांसद और विधायक द्वारा भी किसी प्रकार की कोई सहायता नहीं पहुंचाई जा रही है। जब मुझे राघोपुर क्षेत्र के स्थानीय लोगों ने मुझे अपनी समस्या से अवगत करवाया तब मुझसे रुका नहीं गया और आज हमने खुद जाकर बाढ़ पीड़ित परिवारों से मुलाकात किया और उन्हें राहत सामग्री और मेडिकल सहायता देने का काम किया।

सरकार और नेता बाढ़ से प्रभावित बिहार के लोगों से मिलने तक नहीं जा पा रहे हैं, राहत सामग्री और अन्य मेडिकल सहायता प्रदान करना तो बहुत दूर की बात है। ऐसी निकम्मी और कोमा में जा चुकी सरकार को इस बार उखाड़ फेंकना है। तभी बिहार से पलायन और बाढ़ जैसी आपदा को रोका सकता है।

आज वैशाली जिले के राघोपुर विधानसभा अंतर्गत विदुपुर ब्लॉक के विभिन्न पंचायत पूरे तरीके से बाढ़ से प्रभावित हो चुका है। इस विधानसभा क्षेत्र के अधिकांश पंचायत और गांव बाढ़ के कारण डूब चुके हैं, लेकिन भाजपा नीतीश सरकार द्वारा और यहां के सांसद और विधायक द्वारा भी किसी प्रकार की कोई… pic.twitter.com/aMEyrRh4lx
— Tej Pratap Yadav (@TejYadav14) September 9, 2025

इससे पहले भी कई बार तेज प्रताप बिना नाम लिए तेजस्वी यादव पर तंज कस चुके हैं। ऐसे में तेजस्वी के विधानसभा क्षेत्र में उनके पहुंचने से सियासी चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। आपको बता दें समस्तीपुर के हसनपुर विधानसभा क्षेत्र से विधायक तेज प्रताप यादव ने इस बार महुआ से चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। 2020 के चुनाव में तेज प्रताप ने 21000 से अधिक वोटों से जीत दर्ज की थी। वहीं उनके छोटे भाई तेजस्वी यादव राघोपुर से चुनाव जीते थे।




