बिहार में एक और घूसखोर अधिकारी गिरफ्तार: निगरानी ने बेगूसराय में 10 हजार रुपये लेते हुए सहकारिता प्रसार पदाधिकारी को रंगे हाथ दबोचा

बिहार के बेगूसराय में निगरानी विभाग की टीम ने सोमवार को मुख्य सहकारिता प्रसार पदाधिकारी रंजीत शंकर प्रसाद को घूस लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया. अधिकारी को जीरो माइल स्थित एक होटल के पास से पकड़ा गया. गिरफ्तारी के बाद उसे सर्किट हाउस लाकर पूछताछ की जा रही है.
मामला बछवाड़ा प्रखंड के रसीदपुर पैक्स अध्यक्ष अखिलेश कुमार सुमित से जुड़ा है. अध्यक्ष अपने पैक्स भवन में गोदाम निर्माण के लिए जिला सहकारिता पदाधिकारी को आवेदन दिए थे. इस आवेदन को स्वीकृति दिलाने के नाम पर मुख्य सहकारिता प्रसार पदाधिकारी ने 25 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी.

पैक्स अध्यक्ष इतनी बड़ी रकम देने को तैयार नहीं थे. काफी बातचीत के बाद 10 हजार रुपये पर सौदा तय हुआ. अधिकारी ने साफ कहा कि जब तक पैसे नहीं मिलेंगे, आवेदन आगे नहीं बढ़ाया जाएगा. इससे परेशान होकर पैक्स अध्यक्ष ने 15 सितंबर को निगरानी विभाग पटना के दफ्तर में इसकी शिकायत दर्ज कराई.

शिकायत मिलने के बाद निगरानी विभाग ने पूरी जांच की और शिकायत को सही पाया. इसके बाद सोमवार को योजना के तहत पैक्स अध्यक्ष और अधिकारी के बीच रिश्वत का लेनदेन तय कराया गया. अधिकारी जैसे ही जीरो माइल के पास एक होटल में 10 हजार रुपये लेकर बैग में रख रहे थे, टीम ने उन्हें रंगे हाथ दबोच लिया.

गिरफ्तारी के समय उनके पास से 500 रुपये के नोटों में कुल 10 हजार रुपये बरामद किए गए. इसके बाद अधिकारी को तुरंत सर्किट हाउस ले जाया गया, जहां उनसे पूछताछ जारी है. फिलहाल निगरानी विभाग आगे की कानूनी कार्रवाई कर रहा है.




