बिहार विधानसभा चुनाव से पहले राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के दो विधायकों के बागी होने पर सियासी पारा गर्माया हुआ है। नवादा विधायक विभा देवी और रजौली के एमएलए प्रकाशवीर 22 अगस्त को गयाजी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मंच पर दिखे। आरजेडी के प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल ने अब राजद विधायकों के पार्टी से पलायन पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि पार्टी के चार विधायक पहले ही छोड़कर जा चुके हैं, दो और चले गए तो इससे कोई फर्क नहीं पड़ेगा।
बिहार के आरजेडी अध्यक्ष मंगनी लाल ने मीडिया से बातचीत में कहा, “पिछले विधानसभा चुनाव में 78 विधायक जीतकर आए थे। इनमें से 4 MLA पहले ही किसी न किसी प्रलोभन में आकर इधर-उधर चले गए। दो और विधायक जो गए हैं, उनसे हमें कोई फर्क नहीं पड़ता है।”
नवादा की विधायक विभा देवी की ओर इशारा करते हुए मंगनी लाल ने कहा कि उनके पति (राजबल्लभ यादव) को हाल ही में हाई कोर्ट से बरी (रेप केस में) किया गया था। आरजेडी प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि इसमें सरकार का सहयोग था। उन लोगों ने सरकार को मैनेज किया। सरकार पर्याप्त साक्ष्य नहीं जुटा पाई और वे बरी हो गए।
मंगनी लाल मंडल ने कहा कि लालू यादव ने उन्हें टिकट दिया था, फिर भी वे पार्टी छोड़कर चले गए। अब इससे कोई फर्क नहीं पड़ता है। वह सीट हमारी है। हमारा जनाधार कायम है। जो विधायक चले गए उनपर कार्रवाई का भी कोई मतलब नहीं है। बस, उन्हें टिकट नहीं मिलेगा।
रेप केस में बरी हुए राजबल्लभ यादव
नवादा से विधायक रह चुके राजबल्लभ यादव को नाबालिग लड़की से रेप के मामले में पिछले दिनों पटना हाई कोर्ट ने बरी कर दिया था। सबूतों के अभाव में यह फैसला सुनाया गया। निचली अदालत से राजबल्लभ यादव को उम्रकैद की सजा मिली थी। इसके बाद उन्हें अपनी विधायकी गवानी पड़ी थी। हाई कोर्ट ने निचली अदालत के फैसले को पलट दिया। इसके बाद राजबल्लभ जेल से बाहर आ गए। साल 2020 के विधानसभा चुनाव में आरजेडी ने उनकी पत्नी विभा देवी को टिकट दिया था और वह जीतकर नवादा से विधायक बनी थीं।
पिछले साल बागी हुए थे 4 विधायक
साल 2024 की शुरुआत में बिहार में सत्ता परिवर्तन के बाद लालू-तेजस्वी की पार्टी के चार विधायक पाला बदलकर एनडीए के साथ चले गए थे। इनमें प्रह्लाद यादव, नीलम देवी, चेतन आनंद और संगीता कुमारी का नाम शामिल है। संगीता कुमारी को बाद में भाजपा ने अपना प्रवक्ता बना दिया था। नीलम देवी मोकामा से विधायक हैं और बाहुबली अनंत सिंह की पत्नी हैं। वहीं, चेतन आनंद शिवहर से विधायक और बाहुबली आनंद मोहन एवं जेडीयू सांसद लवली आनंद के बेटे हैं।
समस्तीपुर/उजियारपुर : उजियारपुर प्रखंड अंतर्गत चैता चौक पर एकदिवसीय ग्रामीण चिकित्सक प्रशिक्षण शिविर का आयोजन…
समस्तीपुर : मुख्यमंत्री के समृद्धि यात्रा के दौरान छात्र संगठन आइसा कार्यकर्ताओं ने जुलूस निकाला।…
समस्तीपुर : समस्तीपुर जिले में सीएम की समृद्धि यात्रा कई मायनों में यादगार रही। खासकर…
समस्तीपुर : हाउसिंग बोर्ड मैदान में अधिकारियों के साथ सीएम नीतीश कुमार ने समीक्षा बैठक…
समस्तीपुर : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने समृद्धि यात्रा के दौरान गुरुवार को समस्तीपुर जिले को…
समस्तीपुर : सहकारिता विभाग के अपर सचिव अभय कुमार सिंह ने गुरुवार को जिला केंद्रीय…