बिहार: राजद विधायक के सामने लगा ‘भूरा बाल साफ करो’ का नारा, वीडियो वायरल होने के बाद दी सफाई

बिहार के गयाजी जिले के अतरी से राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के विधायक रंजीत यादव की सभा में ‘भूरा बाल साफ करो’ का नारा लगने से सियासी हंगामा मच गया है। इसका एक वीडियो बुधवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वायरल वीडियो मंगलवार को अतरी में एक सभा का बताया जा रहा है, जिसमें विधायक रंजीत यादव की मौजूदगी में मंच पर एक शख्स ने राजद सुप्रीमो लालू यादव का हवाला देते हुए ‘भूरा बाल साफ करो’ का नारा दिया।
वीडियो वायरल होने के बाद क्षेत्र में सियासी घमासान छिड़ गया है। वायरल वीडियो में मंच पर मौजूद शख्स कह रहा है, “लालू यादव ने शुरू में कहा था, भूरा बाल साफ करो। अब वही समय आ गया है।” इस कथन के बाद सभा में तालियों की गूंज भी सुनाई दे रही है।

राजद विधायक ने बयान से पल्ला झाड़ा
इस पर MLA रंजीत यादव की सफाई आई है। अतरी विधायक ने स्पष्ट किया कि राजद ए टू जेड की पार्टी है। यह नारा मुनारिक यादव नाम के एक शख्स ने दिया, जो न तो उनका कार्यकर्ता है और ना ही राजद का कोई सदस्य है। विधायक ने इस बयान की कड़ी निंदा भी की।

दरअसल, मंगलवार को अतरी प्रखंड की सीढ़ पंचायत के शिवाला पर अतरी विधायक रंजीत यादव के नेतृत्व में धरना दिया जा रहा था। पंचायत भवन के खेल मैदान को दूसरे स्थान पर बनाए जाने का विरोध किया गया। इसी दौरान सभा में सहोडा पंचायत की मुखिया फोटो देवी के पति मुनारिक यादव ने विवादित नारा दिया। वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है।

क्या है ‘भूरा बाल साफ करो’
1990 के दशक में बिहार की राजनीति में यह नारा काफी चर्चा में रहा था। उस समय लालू यादव का सत्ता में प्रभाव था। कहा जाता है कि भूरा बाल साफ करो में भूरा बाल से अर्थ भूमिहार, राजपूत, ब्राह्मण और लाला (कायस्थ) से है। इसे पिछड़ी जातियों के अंदर सवर्ण जातियों के खिलाफ माहौल बनाने के रूप में देखा गया। हालांकि, लालू यादव की आरजेडी हमेशा से इस बयान से अपना पल्ला झाड़ती आई है।



