मधुबनी, मुंगेर और मुजफ्फरपुर में बनेंगे छोटे हवाईअड्डे, नीतीश कैबिनेट में 20 एजेंडों पर मुहर

बिहार की राजधानी पटना में मंगलवार को कैबिनेट की अहम बैठक हुई। सीएम नीतीश कुमार की अध्यक्षता में बिहार कैबिनेट की इस बैठक में कई अहम फैसलों पर मुहर लगी है। इस बैठक में सीएम नीतीश कुमार के साथ कैबिनेट के सभी मंत्री मौजूद थे। पुराना सचिवालय में यह बैठक हुई है। कुल 20 एजेंंडों पर मुहर लगाई गई है। नीतीश कैबिनेट की बैठक में तय किया गया कि मधुबनी, वीरपुर, मुंगेर, वाल्मीकिनगर , मुजफ्फरपुर एवं सहरसा में छोटे हवाई अड्डे का निर्माण होगा।
उड़ान योजना के तहत इन्हें छोटे हवाईअड्डे के रूप में विकसित करने के लिए भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं राज्य सरकार के बीच समझौता हुआ है। कैबिनेट की बैठक में 20 एजेंट पर लगी मुहर लगी है। हर हवाई अड्डे के लिए करीब 150 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है। दलहन औऱ तेहलन के न्यूनतम समर्थन मूल्य पर सहमति बनी है।

पटना में होटल पाटलिपुत्र अशोक के स्थान पर फाइव स्टार होटल के निर्माण को मंजूरी दी गई है। पीपीपी मॉडल के तहत एक निजी एजेंसी को कार्य आवंटित की गई है। कुमार इंफ्रा रेड इंटरप्राइजेज को 60 वर्षों के लीज पर लेटर ऑफ़ अवार्ड निर्गत करने की स्वीकृति दी गई। लीज की अवधि 30 वर्ष और बढ़ाई जा सकेगी।





