केन्द्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती), बिहार द्वारा जारी विज्ञापन संख्या 01/2023 के अंतर्गत बिहार पुलिस में सिपाही के 21,391 पदों पर भर्ती के लिए आयोजित प्रक्रिया का अंतिम परिणाम आज यानि 9 मई 2025 को घोषित कर दिया गया. लिखित परीक्षा अगस्त 2024 में छह चरणों में आयोजित की गई थी, जिसमें 17,87,720 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था और उनमें से 11,95,101 उम्मीदवारों ने परीक्षा में भाग लिया.
लिखित परीक्षा के परिणामों के आधार पर कुल 1,07,079 अभ्यर्थियों को शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया था. PET परीक्षा 9 दिसंबर 2024 से 10 मार्च 2025 तक पटना में आयोजित की गई, जिसमें 86,539 अभ्यर्थियों ने भाग लिया. इनमें 53,960 पुरुष, 32,569 महिला और 10 ट्रांसजेंडर अभ्यर्थी शामिल थे.
21,391 अभ्यर्थियों का चयन
PET में प्रदर्शन के आधार पर कुल 21,391 अभ्यर्थियों को अंतिम रूप से चयनित किया गया है. इनमें 19,958 अभ्यर्थी बिहार पुलिस और 1,433 अभ्यर्थी बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस बल के लिए चयनित किए गए हैं. चयनित अभ्यर्थियों में 10,205 पुरुष, 11,178 महिला और 8 ट्रांसजेंडर अभ्यर्थी शामिल हैं.
आरक्षण श्रेणियों के अनुसार चयन
आरक्षण कोटे के अनुसार चयनित अभ्यर्थियों में 8,556 सामान्य वर्ग, 2,140 आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS), 2,570 पिछड़ा वर्ग, 3,842 अत्यंत पिछड़ा वर्ग, 3,400 अनुसूचित जाति, 228 अनुसूचित जनजाति और 655 पिछड़े वर्ग की महिलाएं शामिल हैं. इसके अलावा 30 गृहरक्षक एवं 68 स्वतंत्रता सेनानियों के आश्रित अभ्यर्थी भी चयनित हुए हैं.
वेबसाइट पर देखें परिणाम
अभ्यर्थी अपना परीक्षा परिणाम पर्षद की आधिकारिक वेबसाइट [https://csbc.bihar.gov.in](https://csbc.bihar.gov.in) पर देख सकते हैं. चयनित अभ्यर्थियों को 1 जून 2025 से 30 जून 2025 तक अपने आवंटित इकाई में शैक्षणिक योग्यता, जन्मतिथि, जाति प्रमाण-पत्र, आवासीय प्रमाण-पत्र, पहचान-पत्र जैसे दस्तावेजों के साथ योगदान देना होगा.
चरित्र सत्यापन और चिकित्सीय परीक्षण अनिवार्य
चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति से पहले संबंधित जिले के पुलिस अधीक्षक या बटालियन के कमांडेंट द्वारा उनके चरित्र का सत्यापन किया जाएगा. साथ ही अभ्यर्थियों को मेडिकल टेस्ट भी करवाना होगा। यह टेस्ट बिहार सरकार की अधिसूचना के अनुसार अनिवार्य रूप से किया जाएगा.
निर्धारित समयसीमा में योगदान जरूरी
चयनित अभ्यर्थियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर (1 जून से 30 जून 2025) व्यक्तिगत रूप से योगदान देना अनिवार्य होगा. निर्धारित समय पर योगदान न करने पर उनका अभ्यर्थित्व रद्द किया जा सकता है. इसके साथ ही पर्षद ने अभ्यर्थियों को दलालों से सावधान रहने की चेतावनी भी दी है.
केन्द्रीय चयन पर्षद ने साफ किया है कि सिपाही भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह से कदाचारमुक्त, निष्पक्ष और पारदर्शी वातावरण में सम्पन्न किया गया है. यदि किसी दलाल या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी हो तो तत्काल स्थानीय पुलिस को सूचित करने की अपील की गई है.
बिहार में राज्यसभा की 5 सीटों के चुनाव के लिए NDA की तरफ से 3…
बिहार में होली के बाद नेतृत्व परिवर्तन की चर्चा तेज हो गई है। मुख्यमंत्री नीतीश…
बिहार के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल पटना मेडिकल कॉलेज हॉस्पीटल(पीएमसीएच) में धरती के भगवान पर…
ईरान युद्ध के बीच बढ़ते तेल संकट के कारण भारत एक बार फिर से रूस…
यात्रीगण कृपया ध्यान दें! होली के बाद भीड़ को देखते हुए पूर्व मध्य रेल ने…
बिहार की पांच राज्यसभा सीटों पर चुनाव हो रहा है। एनडीए की ओर से सभी…