Bihar

बेतिया राज की 15000 एकड़ जमीन सरकारी हुई, विधानसभा में पास हुआ बिल

बिहार के एक समय बड़े राजघरानाओं में शामिल रहे बेतिया राज की बिहार और यूपी में फैली बेशुमार और बेशकीमती जमीन को सरकार के अधीन लाने के मकसद से बिहार विधानमंडल ने एक विधेयक को पास कर दिया है। मंगलवार को नीतीश कुमार सरकार की तरफ से राजस्व और भूमि सुधार मंत्री दिलीप जायसवाल ने बेतिया राज की संपत्तियों को सरकार में निहित करने वाला विधेयक पहले विधानसभा में पेश किया जिसे सदन को बुधवार तक स्थगित करने से पहले पास करा लिया गया। इसके बाद विधेयक को विधान परिषद की भी मंजूरी मिल गई। इसके साथ ही बेतिया राज की सारी संपत्ति अब बिहार सरकार की हो जाएगी। 1954 में महारानी जानकी कुंवर के निधन के साथ ही बेतिया राजपरिवार के आखिरी सदस्य की विदाई हो गई थी।

राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री दिलीप जायसवाल ने बताया कि बेतिया राज की 15 हजार एकड़ से अधिक जमीन और अन्य संपत्ति अब राज्य सरकार में निहित की जा रही है। इनकी जमीन बिहार के साथ-साथ उत्तर प्रदेश में भी है। बिहार में बेतिया राज की 15213 एकड़ जमीन जबकि यूपी में 143 एकड़ जमीन है। बिहार में बेतिया राज की अधिकांश जमीन पूर्वी और पश्चिमी चंपारण में है। इसके अलावा सारण, सीवान, गोपालगंज और पटना में भी बेतिया राज की जमीन है। इन जमीनों की कीमत 8000 करोड़ से ऊपर आंकी जा रही है।

सीपीआई-माले के सिकटा से विधायक बीरेंद्र गुप्ता ने बिल का काला कानून बताया और कहा कि इससे 1885 के बाद वहां बसे लोग बेघर हो सकते हैं। जायसवाल ने उन्हें आश्वस्त किया कि कानून नोटिफाई होने के बाद सरकार जमीन की लिस्ट जारी करेगी और प्रभावित होने वाले लोगों से आपत्तियां लेकर उनका निराकरण भी करेगी। गुप्ता ने जब यह सवाल किया तब तक विपक्ष के सारे विधायक 65 प्रतिशत आरक्षण लागू करने की मांग को लेकर सदन का बॉयकॉट कर चुके थे।

बिहार राजस्व पर्षद (रेवेन्यू बोर्ड) के चेयरमैन और कड़क आईएएस अफसर केके पाठक जब से बोर्ड में आए हैं, तब से उनके एजेंडे पर बेतिया राज की जमीन से अवैध कब्जा हटाना सबसे ऊपर चल रहा है। केके पाठक ने अफसरों से अवैध कब्जों का हिसाब निकालने कहा था। पूर्वी चंपारण (मोतिहारी) और पश्चिमी चंपारण (बेतिया) में लगभग 3600 एकड़ पर अवैध कब्जा या अतिक्रमण मिला है। अकेले बेतिया में 11600 अतिक्रमणकारियों की पहचान हुई है।

केके पाठक ने संबंधित जिलों के डीएम के साथ इसकी समीक्षा कर अतिक्रमणकारियों पर केस करने कहा था और अब तक बेतिया में 8528 लोगों पर अतिक्रमण का केस हो चुका है। मोतिहारी में 2647 अतिक्रमण वालों की पहचान हुई है जिनमें 1230 लोगों को नोटिस भेजा गया है और 1214 लोगों पर केस दर्ज हो गया है। चंपारण के दोनों जिलों में कुल 3661.11 एकड़ जमीन पर अतिक्रमण मिला है जिसमें मोतिहारी में 2617.46 एकड़ और बेतिया में 1043.65 एकड़ है।

बेतिया राज की जमीन का अतिक्रमण शहरी से लेकर ग्रामीण इलाकों तक हुआ है। केके पाठक ने अतिक्रमण के मामलों मे नियमानुसार प्राथमिकी दर्ज कर आरोप गठित करने को कहा है। राज्य सरकार बेतिया राज की भूमि को अतिक्रमण मुक्त करने की तैयारी में है। और इस कठिन काम के लिए केके पाठक से बेहतर और कोई अफसर हो नहीं सकता था। सरकार के पास अतिक्रमण की अंचलवार लिस्ट तैयार है। यहां से कब्जा हटाने के लिए कभी भी केके पाठक का डंडा चल सकता है और कोर्ट से आदेश हुआ तो बुलडोजर भी।

बिहार के जिलों में बेतिया राज की 15213 एकड़ जमीन का हिसाब

पश्चिमी चम्पारण- 9758.58

पूर्वी चम्पारण- 5320.51

सीवान- 7.29

गोपालगंज- 35.58

पटना- 4.81

सारण- 88.41

उत्तर प्रदेश के जिलों में बेतिया राज की 143 एकड़ जमीन का हिसाब

प्रयागराज- 4.54

बस्ती- 6.31

अयोध्या- 1.86

गोरखपुर- 50.92

कुशीनगर- 61.16

महाराजगंज- 7.53

मिर्जापुर- 0.91

वाराणसी- 10.31

Avinash Roy

Recent Posts

समस्तीपुर : मैट्रिक परीक्षा के रिजल्ट में होटल चलाने वाले की बेटी ज्योति ने बिहार भर में चौथा स्थान लाया

समस्तीपुर : बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा जारी मैट्रिक परीक्षा परिणाम में समस्तीपुर जिले की…

24 मिनट ago

लापरवाही छोड़ें नहीं तो होगा खतरा, समस्तीपुर में RPF जवानों ने लोगों को किया जागरूक

समस्तीपुर : रेलवे सुरक्षा बल (RPF) पोस्ट समस्तीपुर ने यात्रियों को जागरूक करने के लिए…

6 घंटे ago

चकनूर गोलीकांड में जख्मी युवक के दोनों दोस्त हुए फरार, गतिविधि संदिग्ध, दोनों पर पहले से भी दर्ज है अलग-अलग FIR

एक दोस्त चार्जशीटेड तो एक था वांटेड, गोली चलने वाले घटनास्थल को लेकर भी अब…

8 घंटे ago

समस्तीपुर रेल मंडल को उत्कृष्ट कार्यों के लिए मिला सम्मान, महाप्रबंधक ने प्रदान किया शिल्ड

समस्तीपुर : पूर्व मध्य रेलवे (East Central Railway) के हाजीपुर मुख्यालय में आयोजित सम्मान समारोह…

19 घंटे ago

अब लग्जरी गाड़ियों से चलेंगे बिहार के मंत्री-अधिकारी, सरकार ने जारी किया फरमान

बिहार में मंत्रियोंं, न्यायधीशों और अधिकारियों की यात्रा अब अधिक लक्जरी और आरामदेह होगी। सरकार…

20 घंटे ago