नीतीश कुमार के साथ 8 मंत्री भी लेंगे शपथ, JDU-BJP और दूसरे दलों से किसे मौका; देखिए पूरी लिस्ट
यहां क्लिक कर हमसे व्हाट्सएप पर जुड़े
बिहार में नीतीश कुमार की जदयू और भाजपा के गठबंधन से बनने वाली नई सरकार की तस्वीर धीरे-धीरे साफ हो रही है। नीतीश ने राज्यपाल राजेंद्र आर्लेकर को रविवार सुबह अपना इस्तीफा सौंप दिया। इसके बाद उन्होंने बीजेपी के समर्थन से राज्य में नई सरकार बनाने का दावा भी पेश कर दिया है। सूत्रों के हवाले से बताया जा रहा है कि आज शाम नीतीश कुमार के साथ कुल 9 लोग शपथ लेंगे। इनमें सीएम के अलावा 8 मंत्री होंगे जिनमें जेडीयू के 3, बीजेपी के 3, हम पार्टी का 1 और एक निर्दलीय विधायक शामिल है।
नीतीश कुमार बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। इसके अलावा सम्राट चौधरी, विजय कुमार सिन्हा, विजय चौधरी, विजेंद्र प्रसाद यादव, श्रवण कुमार, प्रेम कुमार, संतोष कुमार सुमन और सुमित सिंह मंत्री पद की शपथ लेने वाले हैं। मालूम हो कि सुमित सिंह निर्दलीय एमएलए हैं। सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा बिहार के नए उपमुख्यमंत्री होंगे। बताया जा रहा है कि आज शाम करीब 5 बजे शपथ ग्रहण समारोह आयोजित हो सकता है। सम्राट चौधरी को बीजेपी विधायक दल का नेता और विजय सिन्हा को उपनेता बनाया गया है।
महागठबंधन से अलग बनाएंगे नया गठबंधन: नीतीश कुमार
राज्यपाल को इस्तीफा सौंपकर राजभवन से लौटने के बाद नीतीश ने कहा, ‘मैंने आज मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया।’ उन्होंने कहा कि वह महागठबंधन से अलग होकर नया गठबंधन बनाएंगे। यह पूछे जाने पर कि उन्होंने यह फैसला क्यों किया, नीतीश ने कहा, ‘अपनी पार्टी के लोगों से मिल रही राय के अनुसार मैंने आज अपने पद से इस्तीफा दे दिया। हमने पूर्व के गठबंधन (राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन) को छोड़कर नया गठबंधन बनाया था, लेकिन इसमें भी स्थितियां ठीक नहीं लगी। जिस तरह के दावे और टिप्पणियां लोग कर रहे थे, वे पार्टी के नेताओं को खराब लगे। इसलिए आज हमने त्यागपत्र दे दिया और हम अलग हो गए।’

