Bihar

पुलिस के डर से भाग रहे लड़के की मौत पर मुजफ्फरपुर में बवाल, गुस्साए लोगों ने थाना फूंका; कई गाड़ियां जलकर राख

बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के गरहां थाना इलाके में पुलिस के डर से भाग रहे एक लड़के की डूबने से मौत हो गई। जिसके बाद लोगों ने भारी बवाल काट दिया। पुलिस टीम रामपुर जयपाल गांव में बुधवार को शराब केस में छापेमारी करने पहुंची थी। पुलिस के डर से पानी भरे गड्ढे में कूदे किशोर जितेंद्र कुमार(15) उर्फ चुनचुन की डूबने से मौत हो गई। इससे आक्रोशित लोगों ने गरहां थाने पर हमला कर दिया। उन्होंने थाने में घुसकर तोड़फोड़ की और परिसर में खड़ी बोलेरो और सूमो समेत जब्त कर रखीं 10 बाइक फूंक दी।

भीड़ ने थाने के सामने एक किसान के बथान में भी आग लगा दी। थाने में मौजूद चार पुलिसकर्मियों ने भागकर जान बचाई। गुस्साए लोगों ने रामपुर जयपाल के चौकीदार हीरा राय को जमकर पीटा। मुंशी जसपाल सिंह के टूटे पैर में ट्रैक्शन लगे होने के कारण उन्हें छोड़ दिया।

जानकारी के अनुसार जितेंद्र के भाई को पुलिस ने गिरफ्तार किया था। पुलिस की गश्ती गाड़ी देखते वह पानी भरे गड्ढ़े में कूद गया। वहीं, सूचना पर एसएसपी राकेश कुमार 20 से अधिक गाड़ियों के काफिले के साथ गरहां पहुंचे। गरहां निवासी औराई विधायक सह पूर्व मंत्री रामसूरत राय व पूर्व मुखिया भरत राय भी पहुंचे। एसएसपी राकेश कुमार ने बताया कि भीड़ ने कानून हाथ में लिया है। एफआईआर दर्ज की जाएगी।

दहशत में बेड पर पड़े रहे थाने के मुंशी

करीब 25 मिनट तक गरहां थाना में घुसी भीड़ उत्पात मचाती रही। इस क्रम में थाने में मुंशी जसपाल सिंह दहशत में बेड पर पड़े रहे। पांव टूट जाने के कारण ट्रैक्शन लगा हुआ था। वह थाने की बैरक में ही थे। उन्होंने बताया कि 25 मिनट तक दहशत भरा गुजरा। लग रहा था कि कब भीड़ उन पर हमला कर देगी।

साथी गड्ढे से निकल गया, लेकिन जितेंद्र डूब गया

गरहां थाने के रामपुर जयपाल गांव का जितेन्द्र कुमार भाई की गिरफ्तारी से डरा था। यही कारण था कि पुलिस की गश्ती गाड़ी को देखकर बचने के लिए पानी भरे गड्ढ़े में कूद गया और तैरना नहीं आने के कारण डूब गया। बताया गया कि गरहां चौक से जितेंद्र एक अन्य युवक के साथ बाइक से रामपुर जयपाल की ओर जा रहा था। इसी क्रम में सामने से आ रही गश्ती पुलिस ने उसे घेरने का प्रयास किया।

कुछ देर पहले उसके भाई धर्मेंद्र को भी पुलिस ने पकड़ा था। इसलिए जितेंद्र और उसका साथी बाइक छोड़कर भागे। दोनों गांव में रामप्रताप भगत के घर के बगल में स्थित पानी भरे गड्ढे़ में कूद गए। साथी तैरना जानता था, वह गड्ढे से निकल गया लेकिन जितेंद्र डूब गया। उसे डूबते हुए देखने के बाद भी पुलिसकर्मियों ने उसे बचाने का प्रयास नहीं किया। बल्कि, उसके घर पर पहुंचकर छापेमारी कर दी।

इधर, पानी भरे गड्ढे से निकले जितेंद्र के साथी ने गांव में जाकर मामले की जानकारी दी। फिर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पानी भरे गड्ढे से शव को निकाला। ग्रामीणों ने पहले गरहां चौक पर दरभंगा फोरलेन को शव रखकर जाम किया। यहां पर गरहां थाने की गश्ती पुलिस पहुंची तो ग्रामीणों ने पथराव कर दिया। गाड़ी लेकर गश्ती दल मौके से भाग निकला। इसके बाद उग्र भीड़ का मनोबल बढ़ गया और शव लेकर गरहां थाने पर पहुंच गए। फिर उन्होंने पुलिस थाने में जमकर बवाल काटा।

Avinash Roy

Recent Posts

रेलवे ने रद्द की हावड़ा-काठगोदाम एक्सप्रेस की कई ट्रिप, यात्रा से पहले देख लें तारीख…

समस्तीपुर : सर्दी के मौसम में कोहरे की आशंका को देखते हुए रेलवे ने हावड़ा-काठगोदाम…

9 घंटे ago

समस्तीपुर समेत उत्तर बिहार के जिलों में 11 नवंबर तक कैसा रहेगा मौसम, जानें तापमान और हवा का पूर्वानुमान

समस्तीपुर: समस्तीपुर समेत उत्तर बिहार के जिलों में अगले पांच दिनों तक मौसम साफ और…

12 घंटे ago

समस्तीपुर के डीएम ने किया EVM और VVPAT गोदाम का निरीक्षण, 24 घंटे CCTV निगरानी और सुरक्षा बलों की तैनाती का किया सत्यापन

समस्तीपुर : भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के आलोक में डीएम सह जिला निर्वाचन अधिकारी…

12 घंटे ago

समस्तीपुर कलेक्ट्रेट कैंपस स्थित विकास भवन में AC का काॅपर वायर चोरी-छीपे काटते युवक को गार्ड ने दबोचा, गिरफ्तार

समस्तीपुर : कलेक्ट्रेट परिसर स्थित विकास भवन में एसी का काॅपर वायर चोरी करने पहुंचे…

13 घंटे ago

दीपावली को लेकर समस्तीपुर में 24 दमकल की गाड़ियां तैनात; 50 अग्निशमन कर्मियों की लगी ड्यूटी, सभी की छुट्टियां रद्द

समस्तीपुर : दीपावली और छठ के दौरान आग लगने की घटनाओं से निपटने के लिए…

14 घंटे ago

दीपावली में अलर्ट मोड में रहेंगे समस्तीपुर जिले के सभी अस्पताल, डॉक्टरों की छुट्टियां रद्द

समस्तीपुर : दीपावली और छठ महापर्व के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के…

15 घंटे ago