पटना के ये रोड आज पूरे दिन रहेंगे बंद, राष्ट्रपति के दौरे पर सुरक्षा कड़ी; पढ़ लें ट्रैफिक एडवाइजरी

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के आगमन पर बिहार की राजधानी पटना में सुरक्षा कड़ी की गई है। बुधवार को शहर के कुछ प्रमुख मार्गों पर वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध रहेगा। आम लोग इन रास्तों से नहीं गुजर पाएंगे। इसके लिए ट्रैफिक को दूसरे मार्गों से डायवर्ट किया गया है। अगर आप पटना में रहते हैं या किसी काम से बुधवार को राजधानी जा रहे हैं तो यह खबर जरूर पढ़ लें। नहीं तो बेवजह जाम में फंसने से आपको दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।
बुधवार सुबह 9 से दोपहर 12 बजे तक पटना एयरपोर्ट आने-जाने वाले वाहनों का प्रवेश और निकास गेट नंबर दो से होगा। सुबह 10 से दोपहर 1 बजे तक जेपी गंगा पथ मोड़ से चिल्ड्रेन पार्क, ज्ञान भवन, कारगिल चौक की ओर जाने वाले वाहनों के परिचालन पर प्रतिबंध रहेगा। इस दौरान आयुक्त कार्यालय के सामने से जेपी गंगा पथ होते हुए आगे जबकि राजापुर पुल से बोरिंग रोड, नेहरू पथ और पुराना बायपास जा सकेंगे।

कारगिल चौक से चिल्ड्रन पार्क की ओर आने वाला मार्ग भी आम वाहनों के लिए बंद रहेगा। कारगिल चौक से रामगुलाम चौक होते हुए एग्जीबिशन रोड से जा सकेंगे। साथ ही चितकोहरा-अनिसाबाद से सचिवालय जाने वाले वाहन गर्दनीबाग फ्लाईओवर के रास्ते हार्डिंग रोड और फुलवारीशरीफ से अनिसाबाद से जाने वाले वाहन पटेल गोलंबर होते हुए नेहरू मार्ग के रास्ते हवाई अड्डा पश्चिमी गेट से होते हुए जबकि फुलवारी जेल से डुमरा चौकी से जगदेव पथ होते नेहरू पथ पर जा सकेंगे। दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक अशोक राजपथ में पूरब दरवाजा से तख्त श्रीहरि मंदिर साहिब की ओर जाने वाले वाहनों के परिचालन पर प्रतिबंध रहेगा।

राष्ट्रपति का बापू सभागार में कार्यक्रम
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पटना के बापू सभागार में बुधवार को राजकीय कार्यक्रम में शिरकत करेंगी। इस दौरान वे बिहार के चौथे कृषि रोडमैप का शुभारंभ करेंगी। यह कार्यक्रम करीब एक घंटे तक चलेगा। दोपहर बाद राष्ट्रपति का श्रीहरि मंदिर साहिब में मत्था टेकने जाने का कार्यक्रम है। बता दें कि राष्ट्रपति मुर्मू बुधवार को तीन दिवसीय बिहार दौरे पर पटना आ रही हैं।

सुरक्षा में 250 मजिस्ट्रेट, 2000 पुलिसकर्मी तैनात
पटना में राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। एयरपोर्ट से लेकर राजभवन तक शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर 250 मजिस्ट्रेट से लेकर 2000 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। राष्ट्रपति का काफिला जहां से गुजरेगा वहां बैरिकेडिंग कर दी गई है। नेहरू पथ, अटल पथ, जेपी गंगा पथ, सर्कुलर रोड, देशरत्न मार्ग में चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात रहेंगे।




