बिहार के बेगूसराय में आवारा कुत्ते आदमखोर हो गए हैं। इनके आतंक से आसपास के लोगों में दहशत है। एक हफ्ते में कुत्तों ने एक और महिला को अपना शिकार बनाया है। बुधवार को बछवारा थाना क्षेत्र में 15 कुत्तों के झुंड ने एक 53 साल की महिला को नोंचकर मार डाला।
15 मिनट में ही कुत्तों ने महिला को नोंच-नोचकर खाया। कुत्ते इतने खुंखार हैं कि महिला के हाथ और पैर के पूरे मांस को नोंचकर खा गए। उसकी हड्डियां नजर आने लगी। जब आसपास मौजूद लोगों ने एकजुट होकर कुत्तों को भगाया तब जाकर महिला के शव को उठाया जा सका।
खेत देखने गई थी महिला
महिला की पहचान मीरा देवी (53) के रूप में की गई। मीरा आज सुबह अपने घर से करीब 50 मीटर दूर स्थित खेत देखने के लिए गई थी। इसी दौरान कुत्तों के झुंड ने उस पर हमला कर दिया। महिला की चीख सुन आसपास खेत में काम कर रहे लोगों ने जब यह भयावह मंजर देखा तो वो भी दहशत में आ गए।
इसके बाद कुछ लोग एकजुट हुए और कुत्तों को वहां से भगाया। तब तक कुत्तों ने महिला के शरीर को बुरी तरह से नोंच दिया था। उसके हाथ और पैर के मांस को नोंच कर खा गए और केवल हड्डी नजर आ रही थी। मीरा देवी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मीरा देवी का एक बेटा है जो शादीशुदा है। उसकी पत्नी भी है। सभी घर में थे और मीरा देवी अकेली ही खेत में गई थी।
7 दिन में दो महिलाओं को कुत्तों ने काट खाया
7 दिन पहले ही बछवारा थाना क्षेत्र के कादराबाद पंचायत के बहियार में भी ऐसी ही घटना हुई थी। महिला 7 दिसंबर की दोपहर बहियार में घास काटने गई थी। यहां पर कुत्तों के झुंड ने उसे घेर लिया और हमला कर दिया था। कुत्तों ने उसे नोंच-नोंच कर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। घटना को लेकर स्थानीय लोगों में प्रशासन के खिलाफ काफी नाराजगी है। लोगों का कहना है कि इससे पहले भी इस बहियार में दो महिलाओं को कुत्तों ने नोंच-नोंच कर मौत के घाट उतार दिया था, लेकिन प्रशासन की ओर से आवारा कुत्तों को हटाने के लिए कोई कदम नहीं उठाया गया।
कई लोगों की हो चुकी है मौत
पिछले एक साल में बछवारा प्रखंड के कई इलाकों में आवारा कुत्तों का आतंक बढ़ता जा रहा है। बछवारा प्रखंड में अब तक 7 लोगों की जान आवारा कुत्ते ले चुके हैं। जबकि 6 से ज्यादा लोग कुत्तों के नोंचने से गंभीर रूप से जख्मी भी हुए हैं। मंगलवार को भी एक बच्चे पर इन आदमखोर कुत्तों ने हमला किया था, लेकिन लोगों ने समय रहते उसे बचा लिया। स्थानीय लोगों की मांग है कि इसे भी आपदा से मौत में जोड़कर 4 लाख का मुआवजा प्रभावित परिवार के परिजनों को मिले।
समस्तीपुर : नवपदस्थापित नगर आयुक्त गौतम कुमार ने शुक्रवार को नगर निगम क्षेत्र में चल…
समस्तीपुर : उत्तर बिहार के जिलों में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने वाला…
फाइल फोटो : समस्तीपुर : मजिस्ट्रेट चेकिंग के दौरान ट्रेन में बिना टिकट के यात्रा…
समस्तीपुर : ट्रेन संख्या 15284 जयनगर-मनिहारी जानकी एक्सप्रेस का परिचालन 12, 13, 15, 17, 20…
समस्तीपुर : अपहरण मामले के अप्राथमिकी अभियुक्त शोएब आजम को वारिसनगर थाने के दारोगा अमर…
समस्तीपुर/बिथान : समस्तीपुर जिले के बिथान थाना क्षेत्र अंतर्गत भिखनौलिया गांव में बच्चों के बीच…