समस्तीपुर मंडल कारा में DM-SSP ने रात दो घंटे तक की सघन छापेमारी, 170 पुलिस जवानों ने जेल के वार्डों और परिसर को खंगाला

समस्तीपुर : मंडल कारा में गुरुवार की देर रात जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम ने सघन छापेमारी अभियान चलाया। डीएम रोशन कुशवाहा और एसएसपी अरविंद प्रताप सिंह के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई से जेल प्रशासन और कैदियों के बीच काफी हलचल रही। करीब दो घंटे तक चले इस अभियान में जेल के विभिन्न वार्डों और परिसर की सघन तलाशी ली गई। हालांकि, छापेमारी के दौरान कैदियों के पास से किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक सामग्री बरामद नहीं हुई।
समस्तीपुर मंडल कारा में देर रात सघन छापेमारी अभियान, कैदियों के पास से कोई भी आपत्तिजनक सामग्री बरामद नहीं, DM व SSP समेत कई पदाधिकारियों व जवानों ने घंटो की छापेमारी
छापेमारी रात करीब साढ़े 11 बजे से डेढ़ बजे तक करीब दो घंटे तक चली
छापेमारी अभियान में सदर एसडीओ, सदर अनुमंडल… pic.twitter.com/rHPjnnRx8h
— Samastipur Town (@samastipurtown) November 27, 2026
छापेमारी अभियान गुरुवार की रात करीब 11:30 बजे शुरू हुआ, जो देर रात 1:20 बजे तक चला। अचानक बड़ी संख्या में पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारियों के जेल पहुंचने के बाद पूरे परिसर में सघन जांच शुरू की गई। इस अभियान में सदर एसडीओ राकेश कुमार, सदर एसडीपीओ-1 सतीश सुमन, एसडीपीओ-2 संजय कुमार और लाइन डीएसपी सुनील कुमार सहित कई वरीय पदाधिकारी शामिल रहे। छापेमारी के लिए गठित टीम में तीन पुलिस निरीक्षक, 20 पुलिस अवर निरीक्षक और करीब 170 पुलिसकर्मियों को शामिल किया गया था।


वहीं, जेल अधीक्षक प्रशांत ओझा समेत जेल के सभी संबंधित पदाधिकारी भी अभियान के दौरान मौजूद रहे। अधिकारियों की निगरानी में जेल के अंदर सघन तलाशी अभियान चलाया गया। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े विभिन्न पहलुओं की भी जांच की गई। करीब दो घंटे तक चली इस कार्रवाई में पुलिस और प्रशासन की टीम ने पूरी गंभीरता के साथ जांच की, लेकिन कहीं से भी कोई आपत्तिजनक सामान नहीं मिला। छापेमारी के बाद प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जेल की सुरक्षा व्यवस्था और विधि-व्यवस्था को दुरुस्त बनाए रखने के लिए इस तरह के जांच अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

बयान :
जेल की सुरक्षा व्यवस्था एवं विधि-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से सघन छापेमारी अभियान चलाया गया है। जांच के दौरान कोई भी आपत्तिजनक सामग्री बरामद नहीं हुई। जेल की सुरक्षा को लेकर इस तरह के जांच अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।
रोशन कुशवाहा, डीएम, समस्तीपुर




