संविधान दिवस पर विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित; संविधान के मौलिक अधिकारों, कर्तव्यों और निःशुल्क न्यायिक सेवाओं की दी गई जानकारी

समस्तीपुर : संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकार, समस्तीपुर की ओर से सेंट पॉल शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय परिसर में विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकार के पैनल अधिवक्ता मनोज कुमार एवं पारा लीगल वॉलंटियर विजय कुमार ने विद्यार्थियों और उपस्थित लोगों को संविधान के महत्व तथा कानूनी अधिकारों की जानकारी दी। इस दौरान अधिवक्ता मनोज कुमार ने भारतीय संविधान के अंगीकरण से लेकर मौलिक अधिकारों, मौलिक कर्तव्यों, शिक्षा के अधिकार और अनिवार्य एवं निःशुल्क विधिक सेवाओं के बारे में विस्तार से बताया।
उन्होंने संविधान के अनुच्छेद 21(क), 39(क) एवं 51(क) की चर्चा करते हुए इनके महत्व और आम नागरिकों को मिलने वाले लाभों की जानकारी दी। साथ ही जिला विधिक सेवा प्राधिकार की ओर से उपलब्ध कराई जाने वाली कानूनी सहायता और सुलह-समझौते के माध्यम से विवादों के समाधान के बारे में भी बताया।


मौके पर आशा सेवा संस्थान के अमित कुमार वर्मा ने संविधान के अंगीकरण और उसके मूल उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। सामाजिक कार्यकर्ता राज कुमार ने भी संविधान दिवस के महत्व पर अपने विचार रखे।कार्यक्रम के आयोजन में महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. रोली द्विवेदी एवं उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस अवसर पर महाविद्यालय के शिक्षक मनोज सर एवं संगीत शिक्षक सहित अन्य शिक्षकों ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में संविधान के प्रति जागरूकता और नागरिकों के अधिकार एवं कर्तव्यों की समझ विकसित करने पर जोर दिया गया।





