शहर से सटे धुरलख में डिपो के कमरे में संदिग्ध हालत में मिला व्यवसायी का शव, परिजनों ने ह’त्या की आशंका जतायी

समस्तीपुर : मुफस्सिल थाना क्षेत्र के धुरलख वार्ड 31 में गुरुवार की सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक बालू-गिट्टी व्यवसायी का शव उसके डिपो स्थित कमरे से संदिग्ध स्थिति में बरामद किया गया। मृतक की पहचान यमुना पासवान के पुत्र टिंकू पासवान (42 वर्ष) के रूप में हुई है। घर से करीब 400 मीटर की दूरी पर गंगापुर-धुरलख मुख्य मार्ग के समीप उसका बालू-गिट्टी डिपो का था। कमरे में बिछावन पर शव मिलने के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर मुफस्सिल थानाध्यक्ष अजीत प्रसाद सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक नमूने एकत्र किए और जांच के लिए लैब भेज दिया। परिजनों के अनुसार बुधवार की रात मोहल्ले में आयोजित एक शादी समारोह में भोज खाने के बाद करीब नौ बजे टिंकू अपने डिपो कर्मी अवध दास के साथ डिपो पहुंचे थे। कर्मी के मुताबिक, रात करीब साढ़े नौ बजे टिंकू अंदर के कमरे में बिछावन पर सोने चले गए। इसके बाद उसने बाहर लगे ग्रिल में ताला लगाया और अपने घर चला गया। गुरुवार की सुबह करीब सवा आठ बजे अवध दास जब डिपो पहुंचा तो टिंकू कमरे में बिछावन पर अचेत अवस्था में पड़े थे।


आवाज देने और शरीर हिलाने के बावजूद कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर उसे अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद उसने तत्काल परिजनों को सूचना दी। इधर स्थानीय लोगों के बीच चर्चा है कि टिंकू पहले से कई गंभीर बीमारियों से पीड़ित थे और उसका इलाज भी चल रहा था। हालांकि, मौत बीमारी से हुई या इसके पीछे कोई अन्य वजह है, यह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है। थानाध्यक्ष अजीत प्रसाद ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। हत्या की आशंका के साथ बीमारी से मौत की संभावना को भी ध्यान में रखा गया है। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।





