बिहार के दो बाहुबली नेता जायेंगे जेल? अनंत-आनंद को सुप्रीम कोर्ट से सरेंडर ऑर्डर, मर्डर केस में दोनों हुए थे रिहा

जेडीयू नेता आनंद मोहन और जेडीयू से निष्कासित विधायक अनंत सिंह जेल जा सकते हैं. दोनों नेताओं को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने सरेंडर करने का आदेश दिया है. गोपालगंज के डीएम जी. कृष्णैया हत्याकांड में आनंद मोहन और दुलारचंद हत्याकांड में अनंत सिंह जेल से रिहा हुए थे. लेकिन अब दोनों को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने फैसले को बदला और सरेंडर करने का ऑर्डर दिया है.
आनंद मोहन से जुड़ा मामला जानिए
5 दिसंबर 1994 को गोपालगंज के तत्कालीन डीएम जी. कृष्णैया की भीड़ ने पीट-पीटकर हत्या कर दी थी. इस मामले में आनंद मोहन को दोषी ठहराया गया था. निचली अदालत ने उन्हें मृत्युदंड सुनाया था, जिसे बाद में पटना हाईकोर्ट ने आजीवन कारावास में बदल दिया. इसके बाद सुप्रीम कोर्ट में हाईकोर्ट के फैसले के खिलाफ अपील की गई. सुप्रीम कोर्ट ने हाईकोर्ट के फैसले को सही बताया. इसके बाद साल 2023 में जेल मैन्युअल में संशोधन किया गया. फिर बिहार सरकार ने 24 अप्रैल 2023 को सजा में छूट (Remission) देते हुए आनंद मोहन को जेल से रिहा कर दिया. लेकिन इस रिहाई को जी. कृष्णैया की पत्नी उमा कृष्णैया ने सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी.


अब सुप्रीम कोर्ट में क्या कहा गया?
अब 26 नवंबर 2026 को सुप्रीम कोर्ट में यह कहा गया कि साल 2023 में जेल मैन्युअल में संशोधन कर आनंद मोहन को समय से पहले रिहा कर दिया गया था. यह कदम बिना किसी उद्देश्य या नेक नीयत से लिया गया बदलाव था. इसके लिए बिहार सरकार कोई भी वैध सार्वजनिक उद्देश्य बताने में सफल नहीं रही है. ऐसे में यह फैसला संविधान के अनुच्छेद 14 और 21 का उल्लंघन है. इसलिए आनंद मोहन की रिहाई को रद्द करते हुए एक महीने के अंदर सरेंडर का फैसला सुनाया गया.
अनंत सिंह से जुड़ा मामला जानिए
दूसरी तरफ, मोकामा विधायक अनंत सिंह को 4 दिसंबर 2026 तक सरेंडर करने का आदेश दिया गया है. पूरा मामला 30 अक्टूबर 2025 का है. बिहार विधानसभा चुनाव के प्रचार के दौरान मोकामा में अनंत सिंह और जन सुराज प्रत्याशी पीयूष प्रियदर्शी के समर्थकों के काफिले आमने-सामने आ गए थे. इसी दौरान हुई हिंसा में दुलारचंद यादव की मौत हो गई थी. मामले में अनंत सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था. लेकिन इसके बाद मार्च 2026 में उन्हें रिहा कर दिया गया था. ऐसे में दुलारचंद यादव के पोते नीरज कुमार ने पटना हाईकोर्ट के आदेश को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी. याचिका में मांग की गई थी कि अनंत सिंह की जमानत रद्द कर उन्हें दोबारा जेल भेजा जाए. याचिकाकर्ता का आरोप था कि हाईकोर्ट ने जमानत देते समय अनंत सिंह के आपराधिक इतिहास को पर्याप्त महत्व नहीं दिया.

30 अक्टूबर को हुई थी सुनवाई
इसके बाद 30 अक्टूबर 2026 को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई हुई और अनंत सिंह को 4 दिसंबर तक सरेंडर करने का आदेश दिया. इस आदेश को लेकर अनंत सिंह ने बताया था कि उनकी बेटी शिवांगी की शादी के बाद वे सरेंडर करेंगे. 25 नवंबर को अनंत सिंह की बेटी की शादी संपन्न हो गई है. ऐसे में वह जल्द सरेंडर कर सकते हैं.

6 साल के लिए JDU से निष्कासित
इसके अलावा अनंत सिंह को एक और झटका पार्टी की तरफ से मिला. बिहार विधान परिषद चुनाव के दौरान अनंत सिंह और नीरज कुमार के बीच खींचतान देखने के लिए मिली. ऐसे में पार्टी विरोधी गतिविधियों का हवाला देते हुए अनंत सिंह और उनकी पत्नी नीलम देवी को 6 साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया गया. इतना ही नहीं, अनंत सिंह की विधायकी रद्द करने की भी अपील की गई है. विधानसभा अध्यक्ष ने नोटिस भेजकर अनंत सिंह को अपना पक्ष रखने और जवाब देने का मौका दिया है. ऐसे में अनंत सिंह की विधायकी पर भी खतरा बना हुआ है.



