सदर अस्पताल से दो माह में 292 मरीज किए गये रेफर, तमाम बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के दावों के बावजूद रेफर करने का सिलसिला जारी

समस्तीपुर : सदर अस्पताल में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने और अनावश्यक रेफरल पर रोक लगाने के तमाम प्रयासों के बावजूद मरीजों को दूसरे अस्पतालों में भेजने का सिलसिला जारी है। सितंबर महीने में सदर अस्पताल से कुल 133 मरीज व अक्टूबर महीने में बढ़कर 159 मरीजों को डीएमसीएच एवं अन्य अस्पतालों में रेफर किए जाने की जानकारी सामने आई है। ऐसे में अस्पताल की चिकित्सा व्यवस्था, विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपलब्धता और रेफरल की जरूरत को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
स्वास्थ्य विभाग के निर्देशों के अनुसार, किसी भी मरीज को दूसरे अस्पताल में रेफर करने से पहले डॉक्टरों को स्पष्ट और ठोस चिकित्सीय कारण बताना आवश्यक है। गंभीर स्थिति में पहुंचे मरीजों को सीधे रेफर करने के बजाय पहले प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराना और उनकी स्थिति स्थिर करना जरूरी है। वहीं, अस्पताल में संबंधित विशेषज्ञ चिकित्सक और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध होने पर मरीज को दूसरे अस्पताल में भेजने के बजाय यहीं इलाज उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया है। इसके बावजूद सदर अस्पताल से लगातार मरीजों को रेफर किया जा रहा है।


सितंबर और अक्टूबर मिलाकर 292 मरीजों को डीएमसीएच और अन्य अस्पतालों में भेजे जाने की बात सामने आई है। हालांकि, इन मरीजों में कितने मामले गंभीर थे और कितने मरीजों को अस्पताल में उपलब्ध संसाधनों के बावजूद रेफर करना पड़ा, यह स्पष्ट नहीं है। कमिटी के समीक्षा के बाद ही रेफरल के कारणों की विस्तृत जानकारी सामने आ सकेगी और इसकी वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
कमेटी के फैसले के आधार पर रेफर करने का दावा :
सदर अस्पताल के डीएस डॉ. गिरीश कुमार ने बताया कि मरीजों को रेफर करने से पहले सदर अस्पताल में ही उनकी स्थिति को स्थिर करने का प्रयास किया जाता है। उन्होंने कहा कि डॉक्टरों की गठित कमेटी के निर्णय के आधार पर ही मरीजों को दूसरे अस्पतालों में रेफर किया जाता है। स्वास्थ्य विभाग का प्रयास है कि मरीजों को यथासंभव सदर अस्पताल में ही बेहतर उपचार मिल सके और जरूरत पड़ने पर ही उन्हें उच्च चिकित्सा केंद्र भेजा जाए। यदि इलाज की पर्याप्त व्यवस्था होने के बावजूद मरीजों को रेफर किया जाता है, तो इसकी समीक्षा जरूरी है। ऐसे में सितंबर और अक्टूबर महीने में डीएमसीएच व पीएचसीच रेफर किए गए 292 मरीजों के मामलों की समीक्षा कर यह स्पष्ट करना महत्वपूर्ण होगा कि कितने मरीजों को गंभीर स्थिति, विशेषज्ञ उपचार की जरूरत या संसाधनों की कमी के कारण दूसरे अस्पतालों में भेजा गया। इससे अनावश्यक रेफरल की स्थिति का आकलन करने के साथ ही सदर अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने में मदद मिल सकती है।

बयान :
सदर अस्पताल में मरीजों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने का हरसंभव प्रयास किया जाता है। मरीज की स्थिति और उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए डॉक्टरों की सलाह पर रेफरल का निर्णय लिया जाता है। गंभीर मरीजों को प्राथमिक उपचार देने के बाद जरूरत पड़ने पर उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया जाता है।
डॉ. गिरीश कुमार, डीएस, सदर अस्पताल, समस्तीपुर




