समस्तीपुर शहर में अतिक्रमण पर प्रशासन सख्त, सदर SDO ने लिया जायजा, कार्रवाई के दिए निर्देश

समस्तीपुर : शहर में लगातार बिगड़ रही यातायात व्यवस्था और सड़कों पर बढ़ते अतिक्रमण को लेकर प्रशासन ने गंभीरता दिखाई है। बुधवार को सदर एसडीओ राकेश कुमार ने शहर के विभिन्न इलाकों का स्थलीय निरीक्षण कर अतिक्रमण की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सड़क और सार्वजनिक स्थलों को अतिक्रमणमुक्त रखने तथा यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
समस्तीपुर शहर में अतिक्रमण पर प्रशासन सख्त, सदर SDO राकेश कुमार ने लिया जायजा, कार्रवाई के दिए निर्देश#Samastipur #DistrictAdministration pic.twitter.com/GNfrNWiOZn
— Samastipur Town (@samastipurtown) November 25, 2026
निरीक्षण के दौरान एसडीओ ने शहर के विभिन्न मार्गों और अतिक्रमण से प्रभावित स्थानों की स्थिति देखी। उन्होंने यह जानकारी ली कि किन-किन स्थानों पर अतिक्रमण के कारण सड़क की चौड़ाई कम हो रही है और आम लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस दौरान ट्रैफिक डीएसपी अभिषेक चौबे और नगर आयुक्त गौतम कुमार भी मौजूद रहे।


अधिकारियों के साथ स्थलीय स्थिति का आकलन करते हुए एसडीओ ने कहा कि शहर में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए सड़कों और सार्वजनिक स्थानों को अतिक्रमण से मुक्त रखना जरूरी है। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि अतिक्रमण के कारण बाधित हो रहे मार्गों को चिह्नित कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें। साथ ही सार्वजनिक स्थलों पर दोबारा अतिक्रमण नहीं हो, इसके लिए भी उचित निगरानी रखने को कहा। एसडीओ ने आम नागरिकों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित करने और शहर में सुगम आवागमन सुनिश्चित कराने पर विशेष जोर दिया।





