तेजस्वी यादव के आते ही सम्राट चौधरी ने मंत्री रामकृपाल यादव को कुर्सी से उठवाया, नेता प्रतिपक्ष के लिए दिखाया प्रोटोकॉल

बिहार विधान परिषद में आठ नवनिर्वाचित सदस्यों के शपथ ग्रहण समारोह के दौरान एक दिलचस्प तस्वीर सामने आई. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के पहुंचते ही अपनी तत्परता दिखाई. उन्होंने बगल में बैठे मंत्री रामकृपाल यादव को सीट से उठने का आग्रह किया, ताकि तेजस्वी यादव अपनी निर्धारित जगह पर बैठ सकें. राजनीतिक विरोध के बावजूद नेता प्रतिपक्ष के पद की गरिमा और प्रोटोकॉल का ख्याल रखने की इस तस्वीर की चर्चा हो रही है.
जब तेजस्वी यादव के लिए CM सम्राट चौधरी ने मंगवाई कुर्सी, विधान परिषद में दिखा सियासत का अलग अंदाज… pic.twitter.com/GvHsiEE6Wl
— Samastipur Town (@samastipurtown) November 23, 2026
तेजस्वी के आते ही बदली बैठने की व्यवस्था, मंत्री को उठना पड़ा
विधान परिषद के शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के बगल में उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र यादव बैठे थे. बिजेंद्र यादव के बगल वाली कुर्सी पर बिहार सरकार के मंत्री रामकृपाल यादव मौजूद थे. समारोह चल रहा था, तभी नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव वहां पहुंचे. मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, तेजस्वी यादव के लिए निर्धारित सीट पर कुर्सी नहीं थी. उनके पहुंचते ही मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बैठने की व्यवस्था दुरुस्त कराई. उन्होंने मंत्री रामकृपाल यादव को अपनी कुर्सी से उठने का आग्रह किया. इसके बाद तेजस्वी यादव निर्धारित जगह पर बैठ गए.


राजनीतिक विरोधी, लेकिन पद की गरिमा का रखा ख्याल
सम्राट चौधरी और तेजस्वी यादव बिहार की राजनीति में एक-दूसरे के विरोधी हैं. दोनों अलग-अलग राजनीतिक खेमों का नेतृत्व करते हैं. इसके बावजूद शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री ने नेता प्रतिपक्ष के पद से जुड़े प्रोटोकॉल का ध्यान रखा. समारोह के दौरान बैठने की व्यवस्था में बदलाव की यह तस्वीर राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गई. इसे राजनीतिक मतभेदों के बीच संसदीय परंपरा और शिष्टाचार से जोड़कर देखा जा रहा है.

आठ विधान पार्षदों ने ली शपथ, दो MLC के खिलाफ हाईकोर्ट जाएंगे तेजस्वी
बिहार विधान परिषद में आठ नवनिर्वाचित सदस्यों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई गई. कार्यकारी सभापति ने सभी सदस्यों को शपथ दिलाई. समारोह में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उपमुख्यमंत्री, मंत्री और अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे. शपथ समारोह के बाद तेजस्वी यादव ने सभी नवनिर्वाचित विधान पार्षदों को शुभकामनाएं दीं. हालांकि, उन्होंने राहुल राज और बंशीधर ब्रजवासी की सदस्यता को लेकर अपनी लड़ाई जारी रखने की बात कही. तेजस्वी ने कहा कि दोनों विधान पार्षदों की सदस्यता रद्द कराने के लिए राजद पटना हाईकोर्ट जाएगा. उन्होंने साफ किया कि इस मामले में पार्टी पीछे नहीं हटेगी.




