यू-डायस पोर्टल पर इनोवेटिव विजन स्कूल के 13 बच्चों के ट्रांसफर का खेल; कर्मियों की मिलीभगत से रातों-रात गुरूकुल से विद्या वाटिका में बदल गया स्कूल
समस्तीपुर : यू-डायस पोर्टल पर 13 छात्र-छात्राओं के स्कूल ट्रांसफर को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। आरोप है कि शिक्षा विभाग के कुछ कर्मियों की मिलीभगत से रातोंरात पोर्टल पर बच्चों का नामांकन एक स्कूल से हटाकर दूसरे स्कूल में ट्रांसफर कर दिया गया। इस पूरी प्रक्रिया में सक्षम पदाधिकारियों से दिशा-निर्देश या अनुमति लिए बिना चोरी-छिपे यूजर आईडी और पासवर्ड का गलत इस्तेमाल किए जाने का मामला भी सामनें आया है। मामला सामने आने के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है। आनन-फानन में वारिसनगर के बीईओ से स्पष्टीकरण पूछा गया है। मामले को लेकर गुरुकुल सीनियर सेकेंडरी स्कूल और इनोवेटिव विजन स्कूल की ओर से डीपीओ (सर्व शिक्षा अभियान) को अलग-अलग पत्र देकर शिकायत की गई है।
इधर शिकायत के बाद एकाएक उन सभी 13 बच्चों पर विद्या वाटिका पब्लिक स्कूल सिंघिया की ओर से दावा किया गया की यह सभी 13 विद्यार्थी उनके हैं। विद्या वाटिका पब्लिक स्कूल की ओर से विभाग को पत्र भेजकर 13 छात्र-छात्राओं को अपने विद्यालय के यू-डायस कोड पर स्थानांतरित करने का अनुरोध किया गया। आवेदन पर 30 अक्टूबर की तारीख अंकित है। 30 अक्टूबर को ही सुबह 11 बजकर 55 मिनट पर यूजर आईडी 10191202303 के द्वारा स्कूल ट्रांसफर कर भी दिया गया। विद्या वाटिका पब्लिक स्कूल के प्राचार्य सीके झा ने अपने पत्र में बताया है कि संलग्न सूची में शामिल सभी 13 छात्र-छात्राएं उनके विद्यालय में नामांकित हैं। लेकिन वर्तमान में इनका नामांकन गुरुकुल सीनियर सेकेंडरी स्कूल के यू-डायस कोड पर दर्ज है, जो इनएक्टिव है। इधर, गुरुकुल सीनियर सेकेंडरी स्कूल प्रबंधन ने आरोप लगाया है कि उनकी जानकारी और सहमति के बिना दूसरे विद्यालय के 13 बच्चों को उनके यू-डायस कोड पर 9वीं कक्षा में दर्ज कर दिया गया। वहीं, इनोवेटिव विजन स्कूल का कहना है कि आठवीं कक्षा उत्तीर्ण करने वाले विद्यार्थियों के सीबीएसई बोर्ड रजिस्ट्रेशन के लिए गुरुकुल सीनियर सेकेंडरी स्कूल का नाम दिया गया था। इस वर्ष भी 13 बच्चों के रजिस्ट्रेशन के लिए इसी विद्यालय का यू-डायस कोड उपलब्ध कराया गया था।
एसओटू फॉर्म नहीं भरने का भी आरोप :
इस पूरे मामले में एक और गंभीर बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि संबंधित 13 बच्चों का बीआरसी के माध्यम से एसओटू फॉर्म भी नहीं भरा गया है। इसके बावजूद यू-डायस पोर्टल पर बच्चों को एक विद्यालय से दूसरे विद्यालय में स्थानांतरित कर दिया गया। अगर सही दिशा में जांच हो तो जिले भर के कई निजी विद्यालयों में इस प्रकार के मामले उजागर हो सकते हैं। सीआरसी व बीआरसी स्तर पर भी चूक सामनें आ सकती है।
डीईओ ने दिए जांच के आदेश, कहा- “होगी कार्रवाई”
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला शिक्षा पदाधिकारी कामेश्वर प्रसाद गुप्ता ने कहा कि यह काफी गंभीर मामला है। इसमें जो भी कर्मी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। साथ ही संबंधित विद्यालय की भूमिका भी जांच के दायरे में होगी। दोषी पाए जाने वाले स्कूल के खिलाफ कार्रवाई के लिए सीबीएसई बोर्ड को भी पत्र लिखा जाएगा। 13 छात्र-छात्राओं के यू-डायस पोर्टल पर स्थानांतरण, यूजर आईडी और पासवर्ड के दुरुपयोग तथा संबंधित विद्यालयों की भूमिका को लेकर जांच की जा रही है। इसको लेकर तीन सदस्यीय जांच टीम का गठन किया गया है। एक हफ्ते में जांचकर रिपोर्ट मांगी गयी है।
आठवीं तक मान्यता, लेकिन कई विद्यालयों में चल रही नौवीं की पढ़ाई :
जिले में कई निजी विद्यालयों को विभाग की ओर से केवल आठवीं कक्षा तक ही स्कूल संचालन की अनुमति दी गई है, लेकिन इसके बावजूद इन विद्यालयों में नौवीं-दशवीं कक्षा की भी पढ़ाई कराई जाती है। ऐसे विद्यालयों में नौवीं कक्षा में विद्यार्थियों का नामांकन तो लिया जाता है, लेकिन संबंधित विद्यालय की मान्यता नहीं होने के कारण बच्चों का रजिस्ट्रेशन दूसरे विद्यालयों के माध्यम से कराया जाता है। इनोवेटिव विजन स्कूल में भी आठवीं कक्षा तक ही पढ़ाई की स्वीकृति प्रदान की गई है, लेकिन वहां पढ़ने वाले 9वीं कक्षा के छात्रों का यू-डायस इंट्री गुरूकुल सिनियर सेकेंडरी स्कूल से कराया गया। बाद में दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद होने पर गुरूकुल के द्वारा इसे इनएक्टिव कर दिया गया। हालांकि गुरूकुल सिनियर सेकेंडरी स्कूल का दावा है की बिना उसके संज्ञान व सहमति के 13 बच्चों का नाम उसके यू-डायस पोर्टल पर डाल दिया गया। इसके बाद इनोवेटिव विजन स्कूल द्वारा किसी बिचौलिये के माध्यम से बाइपास कर सभी बच्चों का नाम विद्या वाटिका पब्लिक स्कूल सिंघिया के यू-डायस पर ट्रांसफर करवा लिया गया। इन सारे प्रकरण में शिक्षा विभाग के कर्मियों की भूमिका भी संदेह के घेरे में है। इधर विद्य वावाटिका पब्लिक स्कूल द्वारा उन सभी बच्चों को अपने विद्यालय का बताया गया है।
क्या है यू-डाइस कोड :
निजी और सरकारी स्कूल को यू-डाइस कोड लेना होता है। इसका मतलब शिक्षा के लिए एकीकृत जिला सूचना प्रणाली होता है। राज्य या केंद्र सरकार द्वारा अगर किसी स्कूल की जानकारी लेनी होगी तो वो ऑनलाइन यू-डाइस कोड से ले सकती है। यह 11 अंक का होता है। इसमें दो कोड राज्य को दर्शाते हैं। उसके बाद दो अंक जिले को, दो अंक ब्लॉक और उसके बाद के तीन अंक गांव या शहर को दर्शाते हैं। अंत के दो अंक विद्यालय को दर्शाते हैं।


