समस्तीपुर को मिली 502.77 करोड़ की विकास योजनाओं की सौगात; 326 परिवारों ने किया गृह प्रवेश, सौंपी गयी सांकेतिक चाभी

समस्तीपुर : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बिहार दौरे के दौरान समस्तीपुर जिले को 502.77 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं की बड़ी सौगात मिली है। शनिवार को वैशाली में आयोजित जनसभा के दौरान बिहार के लिए घोषित विभिन्न विकास परियोजनाओं में समस्तीपुर की आठ महत्वपूर्ण योजनाओं को भी शामिल किया गया। इन योजनाओं के माध्यम से जिले में पेयजल, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, श्रम और शहरी आवास जैसी बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। इससे जिले के विकास को नई गति मिलने के साथ आम लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बिहार दौरे पर समस्तीपुर जिले को मिली ₹502.77 करोड़ की विकास योजनाओं की सौगात; जलापूर्ति, विद्युत, शिक्षा, श्रम, स्वास्थ्य, खेल एवं शहरी आवास से जुड़ी आठ महत्वपूर्ण योजनाओं से समस्तीपुर के विकास को मिलेगी नई गति…#Samastipur #DistrictAdministration… pic.twitter.com/KBrT60dpGr
— Samastipur Town (@samastipurtown) November 21, 2026
जिले के लिए घोषित योजनाओं में सबसे बड़ी राशि समस्तीपुर जलापूर्ति परियोजना फेज-1 के लिए निर्धारित की गई है। इस परियोजना पर 228.45 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके पूरा होने से लोगों को बेहतर पेयजल सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल होगी। वहीं, बिजली व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 62.78 करोड़ रुपये की लागत से जिले में 33/11 केवी के चार विद्युत शक्ति उपकेंद्रों का निर्माण किया जाएगा। इससे बिजली आपूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ करने में मदद मिलेगी।


इसके अलावा एलआर परियोजना योजना के तहत 181 करोड़ रुपये की लागत से अंचलों का सुदृढ़ीकरण किया जाएगा। शिक्षा के क्षेत्र में 6.52 करोड़ रुपये की लागत से चार उच्च माध्यमिक एवं उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालयों के भवनों का निर्माण कराया जाएगा। वहीं, आरएसबी इंटर स्कूल, मुसापुर मंगरा में 10.31 करोड़ रुपये की लागत से स्पोर्ट्स हॉल सह जिम्नेजियम भवन का निर्माण किया जाएगा। इससे जिले में खेल गतिविधियों और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

श्रम विभाग की सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए समस्तीपुर में 6.33 करोड़ रुपये की लागत से जिला स्तरीय संयुक्त श्रम कार्यालय भवन (जी प्लस वन) का निर्माण किया जाएगा। स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के तहत उजियारपुर और कल्याणपुर में 86 लाख रुपये की लागत से दो हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर बनाए जाएंगे। इससे संबंधित क्षेत्रों के लोगों को स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में सहूलियत होगी। वहीं, प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत 6.52 करोड़ रुपये की राशि से 326 लाभार्थियों को अपने नवनिर्मित पक्के मकानों में गृह प्रवेश कराया गया।

इससे लंबे समय से अपने पक्के घर का सपना देख रहे परिवारों को राहत मिली है। सभी को सांकेतिक चाभी सौंपी गयी। कुल मिलाकर इन आठ योजनाओं पर 502.77 करोड़ रुपये की राशि निर्धारित की गई है। इन परियोजनाओं के धरातल पर उतरने से समस्तीपुर में आधारभूत संरचना का विस्तार होने के साथ शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में नागरिक सुविधाएं बेहतर होने की उम्मीद है। पेयजल और बिजली जैसी बुनियादी जरूरतों से लेकर शिक्षा, स्वास्थ्य और खेल सुविधाओं तक विभिन्न क्षेत्रों में इन योजनाओं का लाभ जिले के लोगों को मिलेगा। पूरे कार्यक्रम का लाइव प्रसारण NIC के DIO मनीष कृष्णा के निर्देशन में किया गया।


