छठ घाटों का डीएम ने किया निरीक्षण, सुरक्षा व स्वच्छता को लेकर दिए सख्त निर्देश

समस्तीपुर : लोक आस्था के महापर्व छठ को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में डीएम रोशन कुशवाहा ने शुक्रवार को रोसड़ा अनुमंडल क्षेत्र के विभिन्न प्रमुख छठ घाटों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने घाटों पर सुरक्षा, साफ-सफाई और श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए की जा रही तैयारियों का जायजा लिया। साथ ही संबंधित अधिकारियों को कई आवश्यक निर्देश दिए।
— Samastipur Town (@samastipurtown) November 13, 2026
निरीक्षण के दौरान डीएम ने विशेष रूप से संवेदनशील और गहरे पानी वाले घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे सभी घाटों पर मजबूत बैरिकेडिंग कराई जाए और खतरे वाले स्थानों पर लाल निशान लगाए जाएं, ताकि व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो। घाटों पर प्रशिक्षित गोताखोरों, पर्याप्त नाविकों और लाइफ जैकेट की व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा।

डीएम ने घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों की युद्धस्तर पर सफाई कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि छठ व्रतियों को आवागमन में किसी तरह की असुविधा नहीं होनी चाहिए। इसके अलावा घाटों पर पर्याप्त रोशनी, चेंजिंग रूम, शुद्ध पेयजल और प्राथमिक उपचार की सुविधा के साथ चिकित्सा शिविर लगाने का निर्देश दिया। डीएम ने अधिकारियों को सभी तैयारियां समय से पूरी करने और व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी करने को कहा, ताकि छठ महापर्व के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था नहीं हो।




