समस्तीपुर कलेक्ट्रेट कैंपस स्थित विकास भवन में AC का काॅपर वायर चोरी-छीपे काटते युवक को गार्ड ने दबोचा, गिरफ्तार

समस्तीपुर : कलेक्ट्रेट परिसर स्थित विकास भवन में एसी का काॅपर वायर चोरी करने पहुंचे एक युवक को नाइट गार्ड की सतर्कता से गिरफ्तार कर लिया गया। शुक्रवार की देर रात हुई इस घटना में पकड़े गए युवक की पहचान काशीपुर निवासी टुनटुन महतो के पुत्र मनीष महतो के रूप में हुई है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज करने के बाद शनिवार को उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया। बताया जाता है कि देर रात युवक विकास भवन में चोरी की नीयत से पहुंचा था। उसने पहले एक एसी का तार काट लिया। इसके बाद वह भवन में लगे दूसरे एसी के तार को काटने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान रात्रि ड्यूटी पर तैनात गार्ड कुंदन कुमार की नजर उस पर पड़ गई।

गार्ड को देखते ही युवक मौके से भागने लगा, लेकिन गार्ड ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। इसके बाद गार्ड ने इसकी सूचना नगर थाने को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को हिरासत में ले लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एसी का कटा हुआ पाइप भी बरामद किया गया। घटना को लेकर नाइट गार्ड कुंदन कुमार के आवेदन पर नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पुलिस की पूछताछ में आरोपित ने इस घटना में कुछ अन्य लोगों की संलिप्तता की जानकारी भी दी है। पुलिस अब उन लोगों की पहचान करने में जुटी है। उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। नगर थानाध्यक्ष अजीत कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।




