खानपुर में महिला की मांग में जबरन सिंदूर डालने वाला दूसरा आरोपी भी हुआ गिरफ्तार
समस्तीपुर/खानपुर : समस्तीपुर जिले के खानपुर थाना क्षेत्र में विवाहिता की मांग में जबरन सिंदूर भरने के वायरल वीडियो मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है. इस मामले में मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसके सहयोगी और नामजद अभियुक्त सौरभ कुमार उर्फ सुगरी को भी गिरफ्तार कर लिया है. अन्य फरार आरोपितों और वीडियो वायरल करने वाले व्यक्तियों की पहचान कर उनके विरुद्ध भी विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है.
एसपी कार्यालय की ओर से शनिवार को दी गयी जानकारी के अनुसार, 29 अक्टूबर को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था. इसमें एक युवक द्वारा साड़ी पहनी महिला की मांग में जबरन सिंदूर भरने की घटना सामने आयी थी. पीड़िता के आवेदन के आधार पर खानपुर थाना में कांड संख्या 243/2026 दर्ज किया गया था. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पहले मुख्य आरोपी कुंदन कुमार (25 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया था. इसके बाद 31 अक्टूबर को मामले के नामजद अभियुक्त और मुख्य आरोपी के सहयोगी सौरभ कुमार उर्फ सुगरी को मसीना से गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल अन्य फरार आरोपितों और वीडियो वायरल करने वाले व्यक्तियों की पहचान की जा रही है. उनके विरुद्ध भी विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी.


