समस्तीपुर में जनगणना 2027 के द्वितीय चरण के लिए पदाधिकारियों का प्रशिक्षण शुरू, चार बैचों में दिया जाएगा प्रशिक्षण

समस्तीपुर : भारत की जनगणना 2027 के द्वितीय चरण की तैयारियों को लेकर समस्तीपुर में जिला स्तरीय पदाधिकारियों, अनुमंडल चार्ज अधिकारियों, प्रखंड एवं शहरी चार्ज अधिकारियों तथा उनके तकनीकी सहायकों का दो दिवसीय प्रशिक्षण शुक्रवार को शुरू हुआ। जिला स्तर पर चार बैचों में आयोजित होने वाले प्रशिक्षण के पहले बैच का शुभारंभ जिला जनगणना अधिकारी सह अपर समाहर्ता ब्रजेश कुमार के नेतृत्व में दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम में अपर जिला जनगणना अधिकारी सह जिला सांख्यिकी पदाधिकारी अशोक कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी समस्तीपुर तथा जनगणना कार्य निदेशालय, पटना से आए प्रशिक्षक सुमन सिन्हा एवं अन्नु गुप्ता उपस्थित रहे।
समस्तीपुर में जनगणना 2027 के द्वितीय चरण के लिए पदाधिकारियों का प्रशिक्षण शुरू, चार बैचों में दिया जाएगा प्रशिक्षण; पहले बैच में रोसड़ा, बिथान, हसनपुर समेत विभिन्न चार्ज के अधिकारी हुए शामिल pic.twitter.com/GkcwTlAvtA
— Samastipur Town (@samastipurtown) October 30, 2026
इस अवसर पर अपर जिला जनगणना अधिकारी ने पौधा देकर जिला जनगणना अधिकारी एवं अनुमंडल पदाधिकारी का स्वागत किया। जिला जनगणना अधिकारी ब्रजेश कुमार ने सभी प्रशिक्षणार्थियों को उपलब्ध कराए गए पीई (PE) मैनुअल का गहन अध्ययन करने तथा प्रशिक्षकों द्वारा दी जाने वाली जानकारी को गंभीरता से आत्मसात करने का निर्देश दिया। उन्होंने जनगणना कार्य को त्रुटिरहित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशिक्षण को महत्वपूर्ण बताया।

अपर जिला जनगणना अधिकारी अशोक कुमार ने जनगणना के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए प्रथम चरण में हुई छोटी-छोटी गलतियों से सीख लेने और उनकी पुनरावृत्ति नहीं होने देने पर जोर दिया। वहीं, जिला सूचना एवं विज्ञान पदाधिकारी ने कार्य के दौरान आने वाली तकनीकी समस्याओं और उनके समाधान की जानकारी दी। अनुमंडल जनगणना अधिकारी, समस्तीपुर सदर एवं दलसिंहसराय ने क्षेत्रीय कार्य के दौरान होने वाली संभावित त्रुटियों और उनके निराकरण के बारे में बताया।

प्रशिक्षण के दौरान जनगणना कार्य निदेशालय, पटना से आए प्रशिक्षक सुमन सिन्हा एवं अन्नु गुप्ता ने विभिन्न प्रक्रियाओं और तकनीकी पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी। पहले बैच में रोसड़ा, बिथान, हसनपुर, नगर परिषद रोसड़ा और नगर पंचायत सिंघिया के जनगणना चार्ज अधिकारियों के साथ अपर चार्ज अधिकारी, तकनीकी सहायक एवं लिपिक शामिल हुए। कार्यक्रम के सफल संचालन में जिला जनगणना कोषांग के सहायक सांख्यिकी पदाधिकारी पवन कुमार सिंह, शिक्षक सुनीत कुमार, शिक्षक इंद्रजीत कुमार, सहायक मनोज कुमार सिंह, डाटा इंट्री ऑपरेटर (सांख्यिकी) सुमन सौरभ सहित अन्य कर्मियों की भूमिका रही।



