समस्तीपुर कलेक्ट्रेट कैंपस में मुखिया ने खुद के उपर मिट्टी तेल छिड़का, पुलिस ने हिरासत में लिया

समस्तीपुर : सरायरंजन प्रखंड के मेयारी पंचायत में श्मशान की जमीन पर पंचायत सरकार भवन के निर्माण का विरोध कर रहे मुखिया बिरजू राय ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट परिसर में आत्मदाह का प्रयास किया। घटना के बाद परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। मौके पर तैनात नगर थानाध्यक्ष अजीत कुमार समेत अन्य पुलिसकर्मियों व सुरक्षा गार्डों ने समय रहते उन्हें पकड़ लिया, इसके बाद पुलिस ने मुखिया को हिरासत में ले लिया है। बताया जाता है कि मुखिया ने पहले ही कलेक्ट्रेट परिसर में आत्मदाह करने की घोषणा कर रखी थी। इसे देखते हुए प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।
नगर थानाध्यक्ष भारी संख्या में पुलिस बल के साथ परिसर में तैनात थे। इसके बावजूद बिरजू राय कोर्ट की तरफ से बाउंड्री वॉल पार कर पीछे के रास्ते से कलेक्ट्रेट परिसर में दाखिल हो गए। परिसर में पहुंचने के बाद वह दौड़ते हुए एसपी की गाड़ी के पास पहुंचे। इसके बाद उन्होंने अपने पास रखी बोतल से मिट्टी का तेल शरीर पर डाल लिया और माचिस निकालकर आग लगाने की कोशिश की। हालांकि, वहां मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए उन्हें पकड़ लिया।

हिरासत में लिए जाने के बाद मुखिया बिरजू राय ने बताया कि मेयारी पंचायत में श्मशान की जमीन पर पंचायत सरकार भवन का निर्माण कराया जा रहा है। उन्होंने इस निर्माण पर आपत्ति जताते हुए जिले के अधिकारियों से लेकर उच्चाधिकारियों तक कई बार शिकायत की। उनका कहना है कि लगातार पत्राचार करने के बावजूद उनकी शिकायत पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। मुखिया ने आरोप लगाया कि लंबे समय से मामले को उठाने के बाद भी जब उनकी बात नहीं सुनी गई, तो वह निराश हो गए। इसी नाराजगी में उन्होंने कलेक्ट्रेट पहुंचकर आत्मदाह करने का फैसला किया। बिरजू राय ने पंचायत प्रतिनिधियों की भूमिका और अधिकारों को लेकर भी नाराजगी जताई।

उनका कहना था कि सरकार पंचायतों को सशक्त बनाने और जनप्रतिनिधियों को अधिकार देने की बात करती है, लेकिन जमीनी स्तर पर उनकी शिकायतों को गंभीरता से नहीं लिया जाता। उन्होंने आरोप लगाया कि पंचायत से जुड़े कई मामलों में अधिकारियों का ही नियंत्रण बना हुआ है और जनप्रतिनिधियों की बातों की अनदेखी की जाती है। इधर घटना के बाद पुलिस ने मुखिया को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। नगर थानाध्यक्ष अजीत कुमार ने बताया कि आत्मदाह करने की कोशिश में मुखिया को हिरासत में लेकर थाने लाया गया है। आगे वरिय पदाधिकारियों के निर्देशानुसार कार्रवाई की जाएगी।



