समस्तीपुर : राहत के पैकेट के लिए गंगा में उतरे लोग, नाव से फेंकी जा रही थी सामग्री, वीडियो हुआ वायरल; जानें किसके द्वारा बांटी जा रही थी राहत सामग्री

समस्तीपुर : बाढ़ की विभीषिका झेल चुके मोहनपुर प्रखंड के हरदासपुर इलाके में राहत वितरण के दौरान अव्यवस्था का एक वीडियो सामने आया है। वीडियो में बड़ी संख्या में लोग बाढ़ के पानी में खड़े नजर आ रहे हैं और राहत सामग्री लूटने के लिए आपाधापी करत रहे है। नाव पर सवार लोग पानी में मौजूद लोगों की ओर राहत सामग्री के पैकेट फेंकते दिखाई दे रहे हैं। पैकेट पाने के लिए लोगों के बीच अफरातफरी जैसी स्थिति बनती दिख रही है।
राहत के पैकेट के लिए गंगा में उतरे लोग, नाव से फेंकी जा रही थी सामग्री, मोहनपुर का वीडियो और फोटो हुआ वायरल
बाढ़ की विभीषिका झेल चुके मोहनपुर प्रखंड के हरदासपुर इलाके में राहत वितरण के दौरान अव्यवस्था का एक वीडियो सामने आया है, वीडियो में बड़ी संख्या में लोग बाढ़ के पानी में… pic.twitter.com/U7HxpDHWmm
— Samastipur Town (@samastipurtown) September 29, 2026
राहत वितरण के दौरान सामने आए इस वीडियो ने बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत पहुंचाने के तौर-तरीके और लोगों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। राहत सामग्री लेने के लिए बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक पानी में उतरते नजर आए। कई लोग पानी के बीच जाकर नाव से फेंके गए पैकेट पकड़ने का प्रयास कर रहे थे।
पानी में उतरकर राहत लेने को मजबूर दिखे लोग :
बाढ़ का पानी कम होने के बावजूद दियारा क्षेत्र के कई परिवारों की मुश्किलें पूरी तरह खत्म नहीं हुई हैं। इसी बीच जरूरतमंदों के बीच राहत सामग्री पहुंचाने के लिए सामाजिक स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं। करीब दो हजार परिवारों के बीच राहत सामग्री पहुंचाई गई। हालांकि, वितरण के दौरान जिस तरह राहत के पैकेट नाव से पानी में फेंके गए, उससे लोगों में उसे हासिल करने की होड़ मच गई। वीडियो में पानी के भीतर काफी संख्या में लोगों की मौजूदगी दिखाई दे रही है। राहत सामग्री के लिए भीड़ के पानी में उतरने से किसी अप्रिय घटना की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।

बाढ़ में तीन गांवों का संपर्क हो जाता है प्रभावित :
हरदासपुर गांव मोहनपुर प्रखंड क्षेत्र के दियारा इलाके में स्थित गांव हैं। गंगा के जलस्तर में वृद्धि होने पर इस गांव के चारों ओर पानी फैल जाता है और पूरा इलाका टापू जैसा दिखाई देने लगता है। करीब छह हजार की आबादी वाले इस क्षेत्र में बाढ़ के दौरान आवागमन के साथ-साथ लोगों की रोजमर्रा की जरूरतें भी प्रभावित होती हैं। बाढ़ के कारण बड़ी संख्या में परिवारों के सामने रोजगार और भोजन का संकट पैदा हो जाता है। इसी को देखते हुए क्षेत्र में स्थानीय लोगों की मदद के अलावे भोजपुरी स्टार खेसारी लाल यादव भी राहत सामग्री पहुंचाने पहुंचे थे। स्थानीय अरविंद कुमार ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा वीडियो चार-पांच दिन पहले का है। राहत सामग्री बांटने खेसारी लाल यादव पहुंचे थे। उनके टीम मेंबर के द्वारा ही फेंक-फेंकर राहत सामग्री बांटी जा रही थी।

समस्तीपुर में बाढ़ पीड़ितों के बीच पहुंचे भोजपुरी फिल्म स्टार खेसारी लाल यादव, नाव से गंगा पार कर दियारा क्षेत्रों में बांटी राहत सामग्री
खेसारी लाल यादव ने मोहनपुर प्रखंड की धरणीपट्टी पश्चिमी पंचायत के हरिदासपुर नवीन गांव पहुंचकर दर्जनों बाढ़ पीड़ितों से मुलाकात की और अपने निजी… pic.twitter.com/bYnTixhmQM
— Samastipur Town (@samastipurtown) September 24, 2026
राहत जरूरी, लेकिन वितरण के दौरान सुरक्षा भी अहम :
स्थानीय रामविलास यादव का कहना है कि बाढ़ प्रभावित परिवारों को अभी भी मदद की जरूरत है। विभिन्न सामाजिक संगठनों और स्थानीय लोगों की ओर से राहत पहुंचाने का सिलसिला जारी है। लेकिन सामने आए वीडियो ने यह सवाल जरूर खड़ा किया है कि राहत सामग्री बांटते समय क्या लोगों की सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए थे। गंगा के पानी में बच्चों और बुजुर्गों का उतरना जोखिम भरा हो सकता है। ऐसे में राहत वितरण के दौरान भीड़ को नियंत्रित करने, सुरक्षित स्थान पर सामग्री देने और नाव से सीधे पैकेट फेंकने के बजाय व्यवस्थित तरीके से वितरण की जरूरत महसूस होती है।
यहां देखें वीडियों :



