समस्तीपुर में चार दिनों बाद खत्म हुई डॉक्टरों की हड़ताल, पांचवें दिन सदर अस्पताल के OPD में लौटी रौनक

समस्तीपुर : चार दिनों से चली आ रही सरकारी चिकित्सकों की हड़ताल मंगलवार को समाप्त हो गई। स्वास्थ्य विभाग के साथ वार्ता के बाद बिहार स्वास्थ्य सेवा संघ ने फिलहाल आंदोलन स्थगित करने का निर्णय लिया। इसके साथ ही पांचवें दिन जिले के सरकारी अस्पतालों में चिकित्सक ओपीडी में लौट आए। सदर अस्पताल समेत अन्य सरकारी अस्पतालों में सुबह से ही मरीजों की भीड़ जुटने लगी। चार दिनों से इलाज के लिए परेशान मरीजों ने राहत की सांस ली। मंगलवार को सदर अस्पताल में पहुंचे मरीजों ने रजिस्ट्रेशन कराया और ओपीडी में चिकित्सकों से इलाज कराया।

हड़ताल के दौरान अस्पताल में इमरजेंसी, दुर्घटना के मामले, डिलीवरी सेवा समेत इमरजेंसी पहले की तरह चल रहा था। लेकिन, ओपीडी बंद होने की जानकारी न होने के कारण कई मरीजों को बिना इलाज के वापस लौटना पड़ रहा था। डॉक्टरों की हड़ताल खत्म होने के बाद अस्पताल की व्यवस्था ठीक हो गई है। इससे दूर-दराज के ग्रामीण इलाकों से इलाज कराने आए सैकड़ों मरीजों को आराम मिला है। सदर अस्पताल के डीएस डॉ. गिरीश कुमार ने बताया कि अब ओपीडी सेवा पूरी तरह से बहाल कर दी गई है। संघ के निर्देश पर हड़ताल समाप्त कर दिया गया है।




